पावापुरी में11000 वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आई मजदूरों से भरी बस, पति-पत्नी की मौत

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। पावापुरी थाना क्षेत्र में 17 जून 2026 को एक बेहद दर्दनाक और रूह कंपा देने वाला हादसा हुआ। बेतिया और मोतिहारी के ईंट-भट्ठे पर काम खत्म कर नरकटियागंज से अपने गांव घोसरावां लौट रहे मजदूरों से भरी एक स्लीपर बस गांव से महज 2 किलोमीटर पहले 11000 वोल्ट के लटके हुए हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गई।
बस की छत पर रखी एक साइकिल का हैंडल ऊपर से गुजर रहे नंगे बिजली के तार से छू गया, जिससे पूरी बस में मौत का करंट दौड़ गया। इस भीषण हादसे में घोसरावां गांव के रहने वाले दंपति रुदल मांझी (40 वर्ष) और उनकी पत्नी फूलो देवी (35 वर्ष) की मौके पर ही तड़प-तड़प कर दर्दनाक मौत हो गई।
इस हादसे में करीब 8 से 10 अन्य मजदूर भी गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल कॉलेज (VIMS) में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया और परिजनों की चीख-पुकार से अस्पताल परिसर गूंज उठा।






