
हिलसा (नालंदा दर्पण)। नगरनौसा प्रखंड मुख्यालय में डिग्री कॉलेज के संचालन की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन गुरुवार को अचानक उग्र हो गया। प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पुलिस बल पर पथराव किए जाने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालांकि प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर हालात को नियंत्रित करने का दावा किया है।
जानकारी के अनुसार डिग्री कॉलेज को प्रखंड मुख्यालय में संचालित कराने की मांग को लेकर स्थानीय लोग और छात्र लंबे समय से आंदोलनरत हैं। इसी क्रम में गुरुवार को प्रदर्शनकारियों ने एनएच-431ए पर टेंपो स्टैंड के समीप सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन प्रभावित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आंदोलन के दौरान भीड़ में शामिल कुछ उपद्रवी तत्वों ने अचानक पुलिस बल को निशाना बनाते हुए पथराव शुरू कर दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस पर हुए हमले के बाद प्रशासन ने अतिरिक्त सुरक्षा बलों को बुलाकर स्थिति को संभालने की कार्रवाई की।
घटना के बाद नगरनौसा बाजार, मुख्य चौक-चौराहों तथा वडिहा रोड समेत विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च किया गया। बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के कारण पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। वहीं पथराव की घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों एवं उपलब्ध वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था भंग करने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। डिग्री कॉलेज की मांग को लेकर शुरू हुआ आंदोलन अब प्रशासन और
आंदोलनकारियों के बीच टकराव की स्थिति में पहुंच गया है। ऐसे में आने वाले दिनों में इस मामले के समाधान को लेकर सभी की निगाहें प्रशासनिक पहल और संभावित वार्ता पर टिकी हुई हैं।






