Home आवागमन हिलसा में हाहाकारः दनियावां में एक ही गांव के 9 लोगों की...

हिलसा में हाहाकारः दनियावां में एक ही गांव के 9 लोगों की मौत, 3 गंभीर

Havoc in Hilsa 9 people going to bathe in Ganga in Daniyawan died, 3 are serious

हिलसा (नालंदा दर्पण)। पटना जिले के दनियावां में एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे ने पूरे नालंदा जिले के हिलसा क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। इस हादसे में 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।  सभी मृतक हिलसा थाना के एक ही गांव रेड़ी मलमा के थे। 

यह घटना उस समय हुई जब नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के रेड़ी मलमा गांव के रहने वाले कुछ लोग एक ऑटो में सवार होकर फतुहा में गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। रास्ते में अल्ट्राटेक फैक्ट्री के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही सात लोगों की मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह हादसा सुबह के समय हुआ जब ऑटो में सवार लोग फतुहा की ओर जा रहे थे। ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि ऑटो को संभलने का मौका ही नहीं मिला। टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) रेफर कर दिया गया। एक घायल व्यक्ति ने पटना में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई।

मृतकों में सात महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। मृतकों की पहचान संजू देवी (पति राजेंद्र प्रसाद), दीपिका पासवान (पति धनंजय पासवान), कुसुम देवी (पति चंद्रमौली पांडेय), चंदन कुमार (ऑटो चालक), कंचन पांडेय (पिता परशुराम पांडेय), बीरेंद्र राउत की पत्नी, शंभू राम की पत्नी, विकास राम की पत्नी, प्रवेश राम की पत्नी शामिल हैं।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा देखा गया। तीन घंटे तक शवों को घटनास्थल से नहीं उठाया गया, क्योंकि ग्रामीणों ने मांग की थी कि ट्रक चालक और वाहन को पहले पकड़ा जाए। मौके पर पटना सिटी के एसडीएम और अन्य प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों का आक्रोश कम नहीं हुआ।

पटना जिला प्रशासन ने तत्कालिक राहत के रूप में सभी मृतकों के परिजनों को 20-20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। इसके अलावा पोस्टमॉर्टम के बाद मुआवजे की राशि नालंदा जिला प्रशासन द्वारा दी जाएगी। प्रशासन ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।

हिलसा क्षेत्र में इस हादसे के बाद शोक की लहर छा गई है। सभी मृतक एक ही गांव रेड़ी मलमा गांव के थे। जिसके कारण पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा के मुद्दे को सामने लाया है। तेज रफ्तार, लापरवाही और सड़क नियमों की अनदेखी के कारण इस तरह के हादसे बार-बार हो रहे हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

error: Content is protected !!
Exit mobile version