इस्लामपुरखेती-बारीनालंदाबिग ब्रेकिंगहादसाहिलसा

इस्लामपुर में ठनका की चपेट से किसान और मवेशी की मौत

इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। इस्लामपुर थाना क्षेत्र में हुई हल्की बारिश के दौरान आकाशीय बिजली (ठनका) ने दो परिवारों पर कहर बरपा दिया। एक ओर धान की रोपनी के दौरान खेत में काम कर रहे किसान की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर अलग-अलग घटनाओं में एक गाय की मौत तथा एक अन्य मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार इस्लामपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव स्थित पूसा खंधा में धान की रोपनी का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मौसम अचानक बदला और हल्की बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच तेज आवाज के साथ ठनका गिरा, जिसकी चपेट में आने से 45 वर्षीय किसान श्यामजी प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद खेत में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

इधर, सोहजना गांव में भी आकाशीय बिजली ने भारी नुकसान पहुंचाया। गांव निवासी अनुज चौधरी की गाय खेत में चर रही थी। इसी दौरान ठनका गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार मृत गाय की अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये थी। वहीं, इसी गांव के उमेश यादव का एक अन्य मवेशी भी ठनके की चपेट में आने से घायल हो गया, जिसका स्थानीय स्तर पर उपचार कराया जा रहा है।

घटना की पुष्टि करते हुए वीडियो संजय कुमार ने बताया कि मृत किसान के आश्रितों और पशुपालक को सरकारी प्रावधानों के तहत आपदा प्रबंधन विभाग से निर्धारित मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

वहीं इस्लामपुर थाना अध्यक्ष रण विजय कुमार ने बताया कि किसान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा तथा अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

मौसम विभाग लगातार बारिश और वज्रपात की संभावना को देखते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले खेतों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लेने की अपील कर रहा है। ग्रामीण इलाकों में धान रोपनी के मौसम के बीच इस तरह की घटनाएं किसानों के लिए बड़ी चिंता का विषय बन गई हैं।

Nalanda Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (mukesh bhartiy) पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.