
इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। इस्लामपुर थाना क्षेत्र के मोजाहीदपुर गांव में चार वर्षीय मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की मां ने चाचा पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चाचा समेत आधा दर्जन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष रण विजय कुमार ने बताया कि मोजाहीदपुर निवासी नीकी लाल केवट के चार वर्षीय पुत्र आयुष कुमार की मौत हुई है। मृतक की मां रानी देवी ने दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया है कि वाली केवट ने कमरे के भीतर मासूम का गला दबा दिया। बच्चे की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतक की मां के आवेदन पर आरोपी वाली केवट, उसकी मां कंचन देवी सहित कुल आधा दर्जन लोगों को नामजद किया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और मामले के प्रत्येक पहलू को खंगाला जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार आरोपी वाली केवट गया जिले में रहकर मजदूरी करता है और घटना से कुछ समय पहले ही गांव आया था। आरोप है कि वारदात के बाद वह फरार हो गया। वहीं मृतक के पिता नीकी लाल केवट पंजाब के लुधियाना में मजदूरी करते हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले आरोपी वाली केवट की पत्नी अपने बच्चों के साथ घर छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद से वह मानसिक तनाव में था। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में किसी भी पहलू की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और इसे जांच का विषय बताया है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे मोजाहीदपुर गांव में शोक और मायूसी का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






