नगरनौसा में बीस सूत्री की बैठक में गजब अंदाज में दिखे हरनौत विधायक !
नगरनौसा (नालंदा दर्पण)। नगरनौसा प्रखंड कार्यालय के सभागार में प्रखंड कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष सतीशचंद्र प्रसाद ने की। बैठक की शुरुआत पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की समीक्षा से हुई, जिसमें कई विभागों की उदासीनता और कार्यों में सुस्ती सामने आने पर सदस्यों ने कड़ा एतराज जताया।
बैठक के दौरान शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठे। सदस्यों ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) से प्राथमिक व मध्य विद्यालयों में शौचालयों की सफाई कराने वाली एजेंसी की जानकारी मांगी, लेकिन बीईओ द्वारा स्पष्ट जानकारी न दे पाने पर विधायक हरिनारायण सिंह सहित समिति सदस्यों ने नाराजगी व्यक्त की।
विधायक ने इसे बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) ओमप्रकाश कुमार को विद्यालयों का निरीक्षण कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति भी प्रमुख मुद्दा रही। समिति सदस्य सुबोध कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के सुचारू संचालन और एक्स-रे मशीन की स्थिति पर सवाल उठाया।
उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं की बहाली से संबंधित सूची उपलब्ध कराने की मांग करते हुए संभावित फर्जीवाड़े की आशंका जताई। इस पर आशा बहाली की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन किया गया।
वहीं, समिति के उपाध्यक्ष अभय नंदन पांडेय ने प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं से अवैध वसूली का मुद्दा उठाया, जिस पर सदन में गहरी चिंता जताई गई और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
नल-जल योजना के तहत पाइप बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई गलियों की ढलाई को लेकर विधायक ने एक सप्ताह के भीतर मरम्मत कराने का आदेश दिया। इसके अलावा बस स्टैंड के समीप सार्वजनिक शौचालय निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराने को लेकर अंचलाधिकारी (सीओ) सत्येंद्र प्रसाद को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सरकारी जमीन पर गलत तरीके से कटे रसीदों को रद्द कराने के लिए अपर जिलाधिकारी (एडीएम) को प्रस्ताव भेजने का निर्णय भी लिया गया। मनरेगा योजना के अंतर्गत अतिक्रमण हटाने के सवाल पर सीओ ने बताया कि संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर दिया गया है और जल्द ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू होगी।
बैठक में पिंटू कुमार, प्रणव देव आनंद, सुबोध कुमार, देवरत्न सिंह, सुभाष राम, सत्येंद्र ठाकुर, चंद्रमणि सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। बीडीओ ओमप्रकाश कुमार, सीओ सत्येंद्र प्रसाद, एमओआईसी डॉ. धनेश कुमार, पशुपालन पदाधिकारी शशि शेखर और थानाध्यक्ष शशिरंजन कुमार मिश्रा ने भी अपने-अपने विभागों की स्थिति से समिति को अवगत कराया।
कुल मिलाकर बैठक में जनहित से जुड़े मुद्दों पर सख्त रुख अपनाते हुए यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई तय है।





