Home खेल-कूद राजगीर में अंतर्राष्ट्रीय पुरुष हॉकी एशिया कप की तैयारियां जोरों पर

राजगीर में अंतर्राष्ट्रीय पुरुष हॉकी एशिया कप की तैयारियां जोरों पर

Preparations for the International Men's Hockey Asia Cup are in full swing in Rajgir
Preparations for the International Men's Hockey Asia Cup are in full swing in Rajgir

राजगीर (नालंदा दर्पण)। राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में स्थित अत्याधुनिक हॉकी स्टेडियम 29 अगस्त से 7 सितंबर तक 12वें पुरुष हॉकी एशिया कप टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार हो रहा है। यह पहली बार है, जब राजगीर इस प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा।

इस आयोजन ने न केवल स्थानीय लोगों में उत्साह की लहर पैदा की है, बल्कि राजगीर को वैश्विक खेल और पर्यटन के नक्शे पर एक नई पहचान दिलाने की उम्मीद भी जगाई है।

टूर्नामेंट को भव्य और यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं। स्टेडियम के विशेष रखरखाव के साथ-साथ खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों के लिए सभी जरूरी सुविधाओं का इंतजाम किया जा रहा है।

आवासन व्यवस्था: खिलाड़ियों और टूर्नामेंट से जुड़े अधिकारियों के लिए आरामदायक और सुरक्षित आवास की व्यवस्था।

दर्शक सुविधाएं: स्टेडियम में दर्शकों के लिए आरामदायक बैठने की व्यवस्था और सुचारू प्रवेश-निकास प्रणाली।

सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन: शहर के चप्पे-चप्पे पर उच्च शक्ति वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन के लिए विशेष योजनाएं लागू की जा रही हैं।

शहर का सौंदर्यीकरण: राजगीर की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है।

जिलाधिकारी कुंदन कुमार स्वयं तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। जबकि पुलिस अधीक्षक भारत सोनी विधि-व्यवस्था, यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों में जुटे हैं। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और खेल विभाग भी इस आयोजन की सफलता के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं।

बता दें कि यह दूसरा मौका है, जब राजगीर अंतर्राष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है। इससे पहले नवंबर 2024 में राजगीर के हॉकी स्टेडियम ने आठवीं महिला हॉकी एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी की थी। जिसमें भारतीय महिला टीम ने पेरिस ओलंपिक रजत पदक विजेता चीन को फाइनल में हराकर तिरंगा लहराया था। इस बार पुरुष हॉकी एशिया कप में खिलाड़ी अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

सूत्रों के अनुसार यह टूर्नामेंट 2026 एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप के लिए क्वालीफाइंग प्रतिस्पर्धा भी है। जिसकी मेजबानी बेल्जियम और नीदरलैंड संयुक्त रूप से करेंगे। टूर्नामेंट जीतने वाली टीम स्वतः ही विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर जाएगी। भारत मेजबान देश होने के नाते पिछले चैंपियन दक्षिण कोरिया और उपविजेता मलेशिया के साथ पहले ही इस टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर चुका है।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने इस टूर्नामेंट में पहले भी शानदार प्रदर्शन किया है। भारत ने 2003, 2007 और 2017 में खिताब अपने नाम किया है। इस बार भी प्रशंसकों को उम्मीद है कि भारतीय टीम अपने शानदार प्रदर्शन से देश का नाम रोशन करेगी।

इस आयोजन से राजगीर को अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में नई पहचान मिलने की उम्मीद है। विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल होने के साथ राजगीर अब खेल के क्षेत्र में भी अपनी छाप छोड़ने को तैयार है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह टूर्नामेंट न केवल खेल प्रेमियों को आकर्षित करेगा, बल्कि पर्यटकों की संख्या में भी इजाफा करेगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version