सिलावअपराधनालंदाबिग ब्रेकिंगराजगीर

वकील के घर से चोरों ने उड़ाए ₹1.80 लाख नकद और ₹20 लाख के गहने

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। नालंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवपुरी मोहल्ला में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक वकील के बंद घर में अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह वारदात तब हुई, जब घर के सभी सदस्य दुर्गा पूजा मनाने अपने पैतृक गांव गए हुए थे। घटना में करीब ₹22 लाख से अधिक की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार वकील सुनील कुमार का पूरा परिवार दुर्गा पूजा के अवसर पर अपने पैतृक गांव पावापुरी ओपी क्षेत्र के घोषरामा चला गया था। इसी बीच रविवार को वकील के पुत्र राजीव कुमार किसी आवश्यक कार्य से घर पहुंचे। जैसे ही उन्होंने दरवाज़े पर टूटा ताला देखा, उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो सभी अलमारियों और बक्सों के ताले टूटे पड़े थे तथा सारा सामान बिखरा हुआ था।

वकील सुनील कुमार ने बताया कि चोरों ने उनके घर से करीब ₹1 लाख 80 हजार रुपये नगद और करीब ₹15 लाख के सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए। इनमें उनकी बेटी के जेवर भी शामिल थे, जो अलमारी में रखे हुए थे।

इसी दौरान मकान में किरायेदार के रूप में रह रही किरण देवी के कमरे का ताला भी तोड़ा गया। चोर उनके बक्से में रखे ₹10 हजार नकद, एक सोने की कनवाली और एक अंगूठी भी ले गए।

घटना के वक्त घर पूरी तरह बंद था। किरायेदार किरण देवी भी शनिवार को किसी काम से अपने गांव बाजितपुर गई हुई थीं। ऐसे में चोरों ने पूरी तैयारी से वारदात को अंजाम दिया। आसपास के लोगों को चोरी की भनक तक नहीं लगी, जिससे यह साफ है कि चोर इलाके की स्थिति से भली-भांति परिचित थे।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार ने नालंदा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही हैं। और जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।

इस चोरी की वारदात से इलाके के लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मोहल्ले में रात के समय गश्ती की कमी के कारण ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की है।

Nalanda Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (mukesh bhartiy) पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.