पर्यटनधरोहरनालंदाबिग ब्रेकिंगराजगीर

सम्राट जरासंध की प्रतिमा का अनावरण तय, पर्यटकों के लिए बर्ड एवियरी भी खुलेगा

राजगीर (नालंदा दर्पण)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जल्द ही राजगीर में नवनिर्मित सम्राट जरासंध स्मृति पार्क और वन्य प्राणी सफारी (जू सफारी) में स्थापित पक्षीशाला (बर्ड एवियरी) का उद्घाटन करेंगे। यह नई सौगात पर्यटकों के लिए नए साल की पहली बड़ी भेंट होगी। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग और जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था एवं उद्घाटन समारोह की तैयारियां पूरी कर ली हैं।

मुख्यमंत्री इस अवसर पर मगध सम्राट जरासंध की 21 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा, जो 11 फीट ऊंचे पेडेस्टल पर स्थापित की गई है, उसका अनावरण करेंगे। इस कार्यक्रम में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. सुनील कुमार, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और स्थानीय नालंदा सांसद कौशलेन्द्र कुमार समेत अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहेंगे।

डीएफओ राजकुमार एम के अनुसार 14.83 करोड़ की लागत से निर्मित यह पार्क राजगीर के पर्यटन स्थलों में एक नया आकर्षण जोड़ने जा रहा है। पार्क के भीतर एक विशेष आर्ट गैलरी भी बनाई गई है, जिसमें मगध सम्राट जरासंध की जीवनी से जुड़ी कलाकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। साथ ही यह पार्क अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जिससे पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा।

इस पार्क के तालाब का जीर्णोद्धार कर उसे बेहद आकर्षक बनाया गया है। साथ ही यहां विभिन्न प्रकार के रंग-बिरंगे फूलों और औषधीय पौधों को लगाया गया है, जिससे यह स्थल पर्यावरण प्रेमियों के लिए भी एक अनूठी जगह बन जाएगा।

वन्यप्राणी सफारी में नवनिर्मित सबसे ऊंची पक्षीशाला (बर्ड एवियरी) का लोकार्पण भी किया जाएगा। यह एवियरी 50 फीट ऊंची और आधा हेक्टेयर क्षेत्र में फैली हुई है। इसमें 100 से अधिक प्रजातियों के पक्षी पर्यटकों को देखने को मिलेंगे।

पक्षीशाला को विशेष रूप से डिजाइन किया गया है, जिसमें स्टील की जाली का उपयोग किया गया है। ताकि पक्षियों को किसी प्रकार की चोट न लगे। एवियरी के भीतर पक्षियों के आवास को प्राकृतिक रूप देने के लिए झाड़ियां, बांस, फलदार वृक्ष और 200 से अधिक फूलों के पौधे लगाए गए हैं। इस एवियरी में पक्षियों के नाम और उनकी जीवनशैली से जुड़ी जानकारी देने वाली होर्डिंग्स भी लगाई गई हैं। जिससे यह एक शिक्षाप्रद पर्यटन स्थल भी बन सके।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हेलीकॉप्टर से राजगीर पहुंचेंगे। इसके लिए शहर के हॉकी ग्राउंड में हेलीपैड तैयार किया गया है। पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है।

बता दें कि राजगीर हमेशा से ही ऐतिहासिक और धार्मिक पर्यटन का केंद्र रहा है, लेकिन जरासंध स्मृति पार्क और बर्ड एवियरी के जुड़ने से यह अब और भी आकर्षक बन जाएगा। यह नया पर्यटन स्थल पर्यटकों को प्रकृति, इतिहास और वन्य जीवन का अनूठा संगम प्रदान करेगा।

आगामी दिनों में यह स्थल न केवल स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को भी आकर्षित करेगा। इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न होंगे। इस नई सौगात से राजगीर का ऐतिहासिक गौरव और भी निखरने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

The unsolved mysteries of the ancient Nalanda University राजगीर पांडु पोखर एक ऐतिहासिक पर्यटन धरोहर Rajgir Sone Bhandar is the world’s biggest treasure Artificial Intelligence is the changing face of the future