चिकसौरा में हत्यारोपी युवक की सिर में गोली मारकर हत्या
प्राथमिक जांच में पुलिस को शक है कि यह हत्या पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकती है। दरअसल 14 नवंबर 2023 को इसी गांव के फंटूश कुमार को खेत जोतने के विवाद में गोली मारी गई थी, जिसमें मृतक शिवकुमार प्रसाद एक नामजद आरोपी थे...

चिकसौरा (नालंदा दर्पण)। चिकसौरा थाना क्षेत्र के हुड़ारी गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 40 वर्षीय युवक की सिर में गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान नंदकिशोर प्रसाद के पुत्र शिवकुमार प्रसाद उर्फ सीकू के रूप में की गई है।
ग्रामीणों के अनुसार शिवकुमार सुबह शौच के लिए खलिहान की ओर गए थे। तभी लौटते समय घात लगाए बदमाशों ने उन्हें पीछे से सिर में गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर गांव के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद चिकसौरा थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की घेराबंदी कर फॉरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू की। मृतक के परिजनों ने पड़ोसी परिवार के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। जिसके बाद पुलिस ने नामजद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
प्राथमिक जांच में पुलिस को शक है कि यह हत्या पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकती है। दरअसल 14 नवंबर 2023 को इसी गांव के फंटूश कुमार को खेत जोतने के विवाद में गोली मारी गई थी, जिसमें मृतक शिवकुमार प्रसाद एक नामजद आरोपी थे। पुलिस को संदेह है कि उसी घटना के प्रतिशोध में आज यह हत्या की गई है।
फिलहाल गांव में हालात तनावपूर्ण बना हुआ है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।





