सिलाव पुलिस ने पकड़ी 2100 लीटर केन बीयर, तस्कर फरार

राजगीर (नालंदा दर्पण)। बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब माफियाओं की हरकतें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सिलाव थाना क्षेत्र से 2100 लीटर बीयर की खेप बरामद की गई है। यह कार्रवाई बिहार मध निषेध इकाई पटना की सूचना पर की गई है। इसे अवैध शराब के नेटवर्क पर करारा प्रहार माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, सिलाव थाना क्षेत्र के नानंद धरहरा रोड पर पुलिस ने छापेमारी कर 175 कार्टन में भरकर लाई जा रही 4200 बोतल बीयर को जब्त किया। यह बीयर एक पिकअप वैन और ट्रैक्टर के माध्यम से ढोई जा रही थी। जैसे ही पुलिस बल ने वाहनों की घेराबंदी की, चालक वाहन छोड़ नदी के रास्ते फरार हो गए। पुलिस ने उनका पीछा किया, लेकिन तस्कर नदी का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गए।

राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि तस्करी में पावापुरी ओपी के बकरा गांव निवासी जगदीश प्रसाद का बेटा दीपक कुमार और सिलाव थाना क्षेत्र के धरहरा गांव निवासी मुन्ना महतो का बेटा शिशुपाल कुमार शामिल हैं। दोनों सिलाव थाना क्षेत्र के धरहरा गांव निवासी जितेंद्र कुमार के नवनिर्मित मकान के पास कामदारगंज मोड़ पर इस खेप को छिपाने की योजना बना रहे थे।

सूचना मिलते ही सिलाव थाना अध्यक्ष इरफान खान ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराया और त्वरित कार्रवाई के लिए एक विशेष टीम गठित की गई। राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर संजय कुमार, नालंदा थाना अध्यक्ष निशि कुमार समेत कई पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से पिकअप वैन, ट्रैक्टर, एक मोबाइल फोन और एक टोचन वायर को जब्त कर लिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.