DM के आदेश को ठेंगाः 10 दिन पहले गिरे 11 हजार की पोल, बिजली आपूर्ति ठप्प, किसान हलकान

हिलसा (नालंदा दर्पण)। परवलपुर प्रखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत चौसण्डी पंचायत के लखमा बिगहा गांव में बारिश के कारण पिछले दस दिनों से 11 हजार वोल्ट का बिजली पोल गिरा हुआ है, जिसके कारण क्षेत्र के किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस घटना से कृषि बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप्प हो गई है, जिससे फसलों की सिंचाई और अन्य कार्यों में भारी रुकावट आई है।

स्थानीय निवासी राहुल रंजन ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए नालंदा जिला पदाधिकारी को एक पत्र लिखा है। उन्होंने बताया है कि पोल गिरने के बाद से लगातार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। राहुल ने कहा कि हमने कई बार बिजली विभाग के जेई और एसडीओ के सूचना दी, लेकिन विभाग की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा, जिससे किसानों में रोष है।

वहीं जिला प्रशासन की ओर से हाल ही में बिजली आपूर्ति को सुचारू रखने के सख्त निर्देश जारी किए गए थे। जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार ने दो दिन पहले ही इस बात पर जोर दिया था कि बरसात के मौसम में भी खेती-बारी के लिए बिजली आपूर्ति में कोई व्यवधान नहीं होना चाहिए। इसके बावजूद बिजली विभाग के अधिकारी इन निर्देशों को अनदेखा करते नजर आ रहे हैं, जो एक गंभीर लापरवाही का संकेत है।

लखमा बिगहा गांव के किसान अब प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अगर जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो फसलों को भारी नुकसान होने का खतरा मंडरा रहा है। अनियमित बारिश के इस मौसम में बिजली आपूर्ति बहाल करना बेहद जरूरी है, ताकि उनकी आजीविका पर असर न पड़े।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

ट्रेंडिंग न्यूज