महज 20 हजार रुपए के लिए जमीन दलाल की पीट-पीटकर मार डाला

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण रिपोर्टर)। बिहारशरीफ नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत डॉक्टर कॉलोनी चुना गली स्थित गढ़पर मैदान से पुलिस ने एक जमीन दलाल का शव बरामद किया। जिसकी पहचान नूरसराय थाना क्षेत्र के कोकलकचक गांव निवासी सूर्यमणि प्रसाद के 23 वर्षीय बेटे मंटू कुमार उर्फ गोलू के शव रूप में की गयी हैं। वह पिछले दो महीने से लहेरी थाना क्षेत्र के धनेश्वर घाट मोहल्ले में किराये पर रह रहा था।
आशंका हैं कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई हैं। परिजनों ने बताया कि रात करीब 11:30 बजे भाई के फोन से कॉल आया। फोन पर कहा गया कि पैसा भेज दो, नहीं तो ये लोग मुझे मार देंगे। जब उसने लोकेशन पूछा तो उसने किसी जगह का नाम बताया। इसके बाद उसी नंबर से एक स्कैनर भेजा गया और 20 हजार रुपये की मांग की गई।
परिवार ने तत्काल 3 हजार रुपये भेज दिए, लेकिन आगे और पैसे की मांग होती रही। कुछ देर बाद फोन स्विच ऑफ हो गया। रात करीब 3 बजे फिर से मंटू के नंबर से कॉल आया। किसी युवक ने खुद को उसका दोस्त बताते हुए कहा कि गोलू की हालत गंभीर हैं और उसे सदर अस्पताल ले जाया जा रहा हैं। इसके तुरंत बाद फोन बंद हो गया।
सुबह पुलिस ने परिजनों को शव मिलने की सूचना दी। परिजनें की मानें तो रात करीब 9 बजे मंटू से बातचीत हुई थी। तब मंटू ने बताया था कि वह बेलछी में हैं और डेरा लौट रहा हैं। उसने यह भी बताया था कि किसी साथी को उसने एक लाख रुपये दे रखे थे।
परिजनों के अनुसार मंटू बिहारशरीफ में रहकर जमीन खरीद-बिक्री का काम करता था। वह घर का इकलौता बेटा था। बड़ी बहन की शादी हो चुकी हैं, जबकि छोटी बहन माता-पिता के साथ गांव में रहती हैं। लगभग एक साल पहले पिता ने खेती की जमीन बेचकर उसके बिजनेस के लिए 12 लाख रुपये दिए थे।
इधर सदर डीएसपी नुरुल हक ने बताया कि पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही हैं। एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही हैं। जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।





