अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आए 73 वर्षीय साइकिल सवार वृद्ध की मौके पर ही मौत
इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। इस्लामपुर थाना क्षेत्र के मोबारकपुर गांव में उस वक्त कोहराम मच गया, जब एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने 73 वर्षीय साइकिल सवार वृद्ध को कुचल दिया। दर्दनाक हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान मोबारकपुर गांव निवासी नरेश प्रसाद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, नरेश प्रसाद घर से साइकिल पर सवार होकर इस्लामपुर बाजार में आयोजित बाबा नाम केवलम कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान महरोगोरैया गांव के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
मृतक के भतीजे अमरेंद्र कुमार उर्फ वबलू ने बताया कि ट्रक की टक्कर से नरेश प्रसाद सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए उन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां मौजूद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुत्र देवेंद्र प्रसाद सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर आंख नम है और मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार अक्सर हादसों का कारण बनती रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
इधर सूचना मिलते ही इस्लामपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि फरार ट्रक और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





