“FLS 2026 के माध्यम से बच्चों के बुनियादी शिक्षण स्तर की सटीक जानकारी प्राप्त कर भविष्य में शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है…
कतरीसराय (नालंदा दर्पण/संतोष भारती)। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से सरकार द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल के तहत नालंदा जिले में फाउंडेशनल लर्निंग स्टडी (एफएलएस) 2026 का सर्वेक्षण कार्य जारी है।
भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के तत्वावधान में राष्ट्रीय मूल्यांकन केंद्र पारख एवं एनसीईआरटी द्वारा संचालित इस कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के विभिन्न प्रखंडों के चयनित विद्यालयों में छात्रों और शिक्षकों का एफएलआई आधारित मूल्यांकन किया जा रहा है।
इसी क्रम में कतरीसराय प्रखंड क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय बरान्दी में वर्ग चार के विद्यार्थियों का सर्वेक्षण सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। यह सर्वे डायट नालंदा के डीएलएड प्रशिक्षु राम विकास कुमार द्वारा कराया गया।
सर्वेक्षण के दौरान छात्रों के अक्षर ज्ञान, अंक ज्ञान तथा उनके समग्र शैक्षणिक स्तर का विस्तृत आकलन किया गया। साथ ही विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों के कार्यों का भी मूल्यांकन किया गया, जिससे शिक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का पता चल सके।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षक राकेश कुमार, रामप्रवेश कुमार यादव, संजू कुमारी, किरण कुमारी सहित अन्य सहयोगी कर्मचारी उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने इस सर्वे को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।



