
नालंदा दर्पण डेस्क। नगरनौसा प्रखंड प्रमुख रंजु कुमारी के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव भारी बहुमत से पारित हो गया। इसके साथ ही उनकी प्रमुख पद की कुर्सी चली गई और पद रिक्त घोषित कर दिया गया। अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद प्रखंड की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
प्रखंड कार्यालय में आयोजित विशेष बैठक की अध्यक्षता उपप्रमुख सुमंती देवी ने की। बैठक में प्रस्ताव पर चर्चा के बाद मतदान कराया गया, जिसमें उपस्थित सभी दस पंचायत समिति सदस्यों ने एकमत होकर अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया। परिणामस्वरूप प्रमुख रंजु कुमारी को पद गंवाना पड़ा।
बैठक के बाद पंचायत समिति सदस्य सुशीला कुमारी ने कहा कि प्रमुख क्षेत्र के विकास को लेकर कभी सदस्यों के साथ गंभीरता से चर्चा नहीं करती थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रमुख कार्यालय में भी नियमित रूप से समय नहीं देती थीं, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे थे।
बैठक में पंचायत समिति सदस्य सत्येंद्र पासवान, आशा देवी, ललिता कुमारी, अंतरा देवी, शिरोमणि कुमार, संजय कुमार वर्मा, धर्मा कुमारी, मृदुला कुमारी, सुमंती देवी एवं सुशीला कुमारी मौजूद रहे।






