
इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। इस्लामपुर क्षेत्र के कटवारसलपुर गांव में अवैध संबंध का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा का बाजार गर्म कर दिया है। यहां एक 24 वर्षीय युवक का दिल तीन बच्चों की 36 वर्षीय मां पर आ गया। दोनों के बीच बढ़ती नजदीकियां आखिरकार ऐसी स्थिति तक पहुंच गईं कि मामला थाने से होते हुए मंदिर में शादी तक जा पहुंचा।
ग्रामीणों के अनुसार महिला पहले से विवाहित है और अपने पति तथा तीन बच्चों के साथ रह रही थी। इसी दौरान गांव के ही एक युवक का उससे प्रेम संबंध स्थापित हो गया। बताया जाता है कि दोनों के बीच काफी समय से बातचीत और मुलाकातों का सिलसिला चल रहा था।
शुक्रवार की रात कथित तौर पर महिला और युवक को महिला के घर के समीप एक साथ देख लिया गया। इसकी जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को पूछताछ के लिए खुदागंज थाना ले गई।
थाने में दोनों पक्षों के परिजन और ग्रामीण भी पहुंच गए। चर्चा के दौरान युवक ने महिला के साथ जीवन बिताने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद स्थानीय लोगों की मौजूदगी में खुदागंज स्थित भारत माता मंदिर में दोनों की शादी करा दी गई।
इस विवाह के दौरान महिला का पति, उसके बच्चे, युवक के पिता और कई ग्रामीण गवाह के रूप में मौजूद रहे। शादी के बाद युवक अपनी नई पत्नी को साथ लेकर वहां से चला गया।
क्षेत्र में यह घटना चर्चा का प्रमुख विषय बनी हुई है। लोग इस पूरे घटनाक्रम को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। हालांकि मामले को लेकर किसी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।






