
इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। इस्लामपुर प्रखंड क्षेत्र में चोरी-छिपे मादक पदार्थों की बिक्री की शिकायतों के बीच पुलिस ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में इस्लामपुर थाना पुलिस ने शहर के बौलीबाग मोहल्ले में छापेमारी कर स्मैक की 22 पुड़िया के साथ दो कथित कारोबारियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मो. आजाद और रिजवान कुरैशी के रूप में हुई है। बरामद स्मैक का कुल वजन करीब 11.24 मिलीग्राम बताया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया है।
इस्लामपुर थानाध्यक्ष रण विजय कुमार ने बताया कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों की धर-पकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान पुलिस को बौलीबाग मोहल्ले में स्मैक की बिक्री किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया।
युवाओं पर बढ़ते नशे के असर को लेकर चिंता
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी-छिपे बिकने वाले सूखे नशे की उपलब्धता चिंता का विषय बनती जा रही है। खासकर युवा वर्ग के इसके प्रभाव में आने की आशंका को लेकर अभिभावकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में चिंता है।
लोगों का मानना है कि नशीले पदार्थों की लत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करती है, बल्कि परिवार और सामाजिक वातावरण पर भी प्रतिकूल असर डाल सकती है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक पुलिस की कार्रवाई के बावजूद यदि नशीले पदार्थों की बिक्री पूरी तरह रोकनी है तो पुलिस कार्रवाई के साथ सामाजिक जागरूकता और अभिभावकों की सक्रिय भूमिका भी जरूरी होगी।
थानाध्यक्ष रणविजय कुमार ने स्पष्ट किया कि इस तरह के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों और अभिभावकों से युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की अपील की है।
पुलिस की इस कार्रवाई से जहां अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार में लगे लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति है, वहीं स्थानीय लोगों ने अभियान को लगातार जारी रखने की मांग की है।
- लोदीपुर में 5.60 लाख की योजना पर सवाल, वार्ड सदस्य समेत ग्रामीणों ने DM से की शिकायत
- पहले JCB से खोदी सड़क, फिर हुआ जियो टैग! लोदीपुर में ‘विकास के गड्ढे’ ने खड़े किए गंभीर सवाल
- 2 करोड़ की उड़ाही के बाद भी सूखा जलाशय, आधे तालाब की खुदाई में पूरी हुई योजना?
- इस्लामपुर में प्रसूता की मौत पर बवाल, 3 घंटे तक गया सड़क मार्ग जाम
- पटना में Flipkart डिलीवरी वाहनों से चोरी का बड़ा खेल बेनकाब, नालंदा के 4 बदमाश समेत 6 गिरफ्तार






