भारतीय महिला हॉकी टीम का धमाकेदार आगाज, मलेशिया को 4-0 से हराया

राजगीर (नालंदा दर्पण)। भारतीय महिला हॉकी टीम ने राजगीर खेल परिसर में आयोजित महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी-2024 टूर्नामेंट के पहले मैच में मलेशिया को 4-0 से मात देकर टूर्नामेंट का जोरदार आगाज किया।

भारत के लिए संगीता कुमारी (8वें और 55वें मिनट में) ने दो शानदार गोल दागे। जबकि प्रीति दुबे (43वें मिनट में) और उदिता (44वें मिनट में) ने एक-एक गोल कर टीम को निर्णायक बढ़त दिलाई।

मैच की शुरुआत में ही मलेशिया ने पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। लेकिन भारतीय डिफेंस की सधी हुई रणनीति ने इसे विफल कर दिया। इसके तुरंत बाद भारत को भी पेनल्टी कॉर्नर मिला और दो अवसरों में से एक को गोल में तब्दील करते हुए संगीता कुमारी ने टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। पहला क्वार्टर भारत ने 1-0 की बढ़त के साथ समाप्त किया।

हालांकि दूसरा क्वार्टर गोलरहित रहा। भारत की टीम ने मलेशियाई डिफेंस पर दबाव बनाए रखा और कई गोल के मौके बनाए। बावजूद इसके, हाफ टाइम तक स्कोर 1-0 पर ही कायम रहा।

तीसरे क्वार्टर में भारतीय महिला टीम ने अपना दमखम दिखाते हुए दो गोल किए। जिससे मलेशिया की टीम बैकफुट पर चली गई। प्रीति दुबे और उदिता ने पेनल्टी कॉर्नर का बखूबी फायदा उठाकर गोल किए और स्कोर को 3-0 तक पहुंचा दिया। मलेशियाई टीम ने वापसी की कोशिश की। लेकिन भारतीय डिफेंस ने उन्हें हर मौके पर रोका।

अंतिम क्वार्टर में एक बार फिर संगीता कुमारी ने शानदार फील्ड गोल कर अपनी टीम को 4-0 से जीत दिलाई। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने तीन अंक अर्जित किए और प्वाइंट्स टेबल में चीन के बाद दूसरे स्थान पर आ गई। भारतीय महिला हॉकी टीम अब अपना अगला मैच मंगलवार को दक्षिण कोरिया के खिलाफ खेलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

प्रमुख खबरें

सर्वजन खबरें