रेल यात्रियों और पर्यटकों को बड़ा झटका, बंद हुई राजगीर-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन सेवा

राजगीर (नालंदा दर्पण)। नालंदा से जदयू सांसद कौशलेंद्र कुमार द्वारा 25 अगस्त 2024 को हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई राजगीर-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन (03239/03240) का संचालन अचानक समय से पूर्व बंद कर दिया गया है। यह ट्रेन 31 दिसंबर 2024 तक चलने की योजना थी। लेकिन रेलवे प्रशासन ने इसे पहले ही बंद करने का निर्णय लिया है। जिससे यात्रियों में निराशा का माहौल है।

यह ट्रेन न केवल राजगीर और कोलकाता के बीच यात्रा करने वाले लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण साधन थी। बल्कि पर्यटकों के लिए भी काफी मददगार साबित हो रही थी। इसके माध्यम से बंगाल से आने वाले पर्यटक आसानी से राजगीर, नालंदा और अन्य पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर रहे थे। इसके अलावा यह ट्रेन राजगीर के लोगों के लिए कोलकाता तक की यात्रा को सहज और सुविधाजनक बना रही थी।

ट्रेन की अचानक बंदी से उन यात्रियों को बड़ी मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है जो पहले से ही सीमित ट्रेन सेवाओं के कारण कठिनाई महसूस कर रहे थे। सांसद कौशलेंद्र कुमार ने इस ट्रेन को चलाने का वादा किया था। लेकिन 31 दिसंबर से पहले ही इसका संचालन बंद कर दिया गया, जिससे यात्रियों का भरोसा भी टूटा है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की संख्या में कमी को इस निर्णय का प्रमुख कारण बताया है। अधिकारियों के अनुसार ट्रेन में नियमित रूप से यात्रियों की कमी देखी जा रही थी, जिसके चलते इसे समय से पहले बंद करने का फैसला लिया गया। हालांकि इस कदम ने नियमित यात्रियों को असमंजस और असुविधा में डाल दिया है।

यात्री अब इस निर्णय से नाखुश हैं और वैकल्पिक साधनों की तलाश में हैं, लेकिन इस ट्रेन की कमी उन्हें लंबे समय तक खलेगी। यह घटना यह भी दर्शाती है कि यात्रियों और प्रशासन के बीच संवाद और योजनाओं के बीच तालमेल में कमी किस प्रकार से यात्रियों को असुविधा में डाल सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

ट्रेंडिंग न्यूज