नूरसरायअपराधनालंदाबिग ब्रेकिंगबिहार शरीफ

महिला की ईंट-पत्थर से कूचकर हत्या, बेटे ने भागकर बचाई जान, जांच में जुटी पुलिस

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत भाखरी गांव में जमीन विवाद ने एक बार फिर खून-खराबे का भयावह रूप ले लिया। यहां एक महिला की ईंट-पत्थर से कूचकर निर्मम हत्या कर दी गई और सबूत मिटाने के इरादे से शव को बोरी में बंद कर खेत में छिपा दिया गया। इस दिल दहला देने वाली वारदात का खुलासा तब हुआ, जब मृतका का नाबालिग बेटा किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकला और परिजनों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।

मिली जानकारी के अनुसार, भाखरी गांव निवासी रुदल राम की पत्नी सीमा देवी (उम्र करीब 28 से 32 वर्ष) अपने पति और चार बच्चों के साथ लंबे समय से दिल्ली में रहकर मजदूरी कर जीवन यापन कर रही थीं। मकर संक्रांति और पीएम आवास योजना से जुड़े सत्यापन कार्य के सिलसिले में वह हाल ही में गांव लौटी थीं। इसी दौरान उन्होंने अपने गोतिया से करीब पांच कट्ठा जमीन वापस करने की मांग की, जिसे लेकर विवाद शुरू हो गया।

परिजनों का आरोप है कि जमीन को लेकर कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गोतिया पक्ष ने सीमा देवी पर ईंट-पत्थरों से हमला कर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को बोरी में भरकर गांव के खंधा क्षेत्र स्थित गेहूं के खेत में दबा दिया गया, ताकि किसी को भनक न लगे। हालांकि, महिला का बेटा मौके से भागने में सफल रहा और उसने अपनी मौसी तथा अन्य परिजनों को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही परिजनों ने नूरसराय थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव पहुंची। खोजी कुत्ते (डॉग स्क्वायड) और एफएसएल टीम की मदद से तलाशी अभियान चलाया गया। खोजी कुत्ता खंधा की ओर दौड़ते हुए एक गेहूं के खेत में पहुंचा, जहां बोरी में बंद महिला का शव बरामद किया गया। शव पर गंभीर जख्मों के निशान थे, जिससे ईंट-पत्थर से कूचकर हत्या की आशंका पुख्ता हो गई।

शव की पहचान सीमा देवी के रूप में की गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। घटना की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

मृतका के पिता, चंडी थाना क्षेत्र के महकार गांव निवासी चंद्रिका राम ने आरोप लगाया कि जमीन और संपत्ति को लेकर गोतिया की नजर उनकी बेटी पर थी। उन्होंने चचेरा देवर बिंदू राम सहित कई परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। ग्रामीणों के बीच यह चर्चा भी है कि हाल के दिनों में किसी आपत्तिजनक वीडियो के वायरल होने से परिवार पर सामाजिक दबाव बना हुआ था, हालांकि पुलिस इस बिंदु पर भी हर पहलू से जांच कर रही है।

इस संबंध में सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि 15 जनवरी की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि गोतिया द्वारा एक विवाहिता की हत्या कर शव को छिपा दिया गया है। सूचना के सत्यापन के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए शव बरामद किया गया। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर हत्या, साक्ष्य छिपाने और आपराधिक साजिश जैसी धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। यह घटना एक बार फिर जमीन विवाद में बढ़ती हिंसा और सामाजिक ताने-बाने पर पड़ रहे उसके दुष्परिणामों की भयावह तस्वीर पेश करती है।

Nalanda Darpan

नालंदा दर्पण (Nalanda Darpan) के संचालक-संपादक वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (Mukesh Bhartiy) पिछले 35 वर्षों से समाचार लेखक, संपादक और संचार विशेषज्ञ के रूप में सक्रिय हैं। उन्हें समसामयिक राजनीति, सामाजिक मुद्दों, स्थानीय समाचार और क्षेत्रीय पत्रकारिता पर गहरी पकड़ और विश्लेषणात्मक अनुभव है। वे तथ्य आधारित, निष्पक्ष और भरोसेमंद रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों तक ताज़ा खबरें और सटीक जानकारी पहुँचाने के लिए जाने जाते हैं। एक्सपर्ट मीडिया न्यूज़ (Expert Media News) सर्विस द्वारा प्रकाशित-प्रसारित नालंदा दर्पण (Nalanda Darpan) के माध्यम से वे स्थानीय समाचार, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका मानना है कि स्थानीय पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी, प्रमाण और जनहित के साथ सामने रखना है। ताकि एक स्वस्थ समाज और स्वच्छ व्यवस्था की परिकल्पना साकार हो सके। More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.