CM नीतीश की बड़ी घोषणा, विजेता भारतीय महिला हॉकी टीम के कोच और सभी खिलाड़ियों को मिलेंगे 10-10 लाख

राजगीर (नालंदा दर्पण)। बिहार के राजगीर स्थित राज्य खेल अकादमी एवं बिहार खेल विश्वविद्यालय-सह-राज्य खेल परिसर में आयोजित एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी 2024 के फाइनल मुकाबला में भारतीय महिला हॉकी टीम ने चीन महिला हॉकी टीम को 1-0 से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विजेता टीम को बधाई दी और उनकी प्रशंसा करते हुए बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों और मुख्य कोच को 10-10 लाख रुपये की नकद राशि से सम्मानित करेगी। इसके साथ ही टीम के सपोर्ट स्टाफ के सदस्यों को 5-5 लाख रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सोशल मीडिया X हैंडल पर लिखा है कि यह जीत भारतीय महिला हॉकी टीम की कड़ी मेहनत, अटूट विश्वास और अनुशासन का परिणाम है। यह न केवल खेल के क्षेत्र में बल्कि महिलाओं के लिए प्रेरणा का भी स्त्रोत है। बिहार में इस प्रतियोगिता का आयोजन राज्य को खेल जगत में नई पहचान दिलाने के हमारे प्रयासों का हिस्सा है।

बता दें कि फाइनल मैच में खेल का स्तर बेहद प्रतिस्पर्धात्मक रहा। भारतीय टीम ने मैच के शुरुआती पलों से ही तेज और आक्रामक खेल दिखाया। मुकाबले का एकमात्र गोल दूसरे हाफ में भारतीय फॉरवर्ड खिलाड़ी ने दागा। यह टीम की जीत का निर्णायक क्षण बना। भारतीय गोलकीपर ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन की ओर से किए गए कई खतरनाक प्रयासों को नाकाम किया।

बिहार में एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप का सफल आयोजन राज्य के लिए एक मील का पत्थर साबित हुआ है। यह आयोजन राज्य में खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को प्रेरित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि बिहार सरकार राज्य में खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। आने वाले समय में बिहार और भी बड़े अंतर्राष्ट्रीय आयोजनों की मेज़बानी करेगा। जिससे खेल और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिल सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

प्रमुख खबरें

सर्वजन खबरें