Ekangarsarai Police: मुखिया के घर पर फायरिंग, चंडी-नगरनौसा के 2 युवक समेत 4 लोग गिरफ्तार
Following a firing alert near the village head’s home, Ekangarsarai police recovered firearms, ammunition, and vehicles while averting a possible attack.

इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। एकंगरसराय थाना क्षेत्र में बुधवार रात पुलिस (Ekangarsarai Police) की त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना टल गई। अमनारखास पंचायत के मुखिया विद्यानंद प्रसाद के आवास पर फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मौके से दो आरोपियों को अवैध हथियार के साथ दबोच लिया। पूछताछ के आधार पर दो अन्य सहयोगियों को भी वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया गया।
हिलसा-2 डीएसपी कुमार ऋषिराज के अनुसार 04 मार्च 2026 की रात्रि लगभग 21:45 बजे मुखिया विद्यानंद प्रसाद ने एकंगरसराय थानाध्यक्ष को फोन पर सूचना दी कि पूर्व के विवाद को लेकर कुछ बाहरी लोग उनके घर पर आकर फायरिंग कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए गश्ती दल को तत्काल मौके पर भेजा गया।
गश्ती टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना को अंजाम देने आए दो व्यक्तियों दिनानाथ यादव (43 वर्ष), पिता सुरेंद्र यादव, निवासी अलीपुर, थाना सालिमपुर, जिला पटना और चंदन यादव (38 वर्ष), पिता सुरेंद्र यादव, निवासी अलीपुर, थाना सालिमपुर, जिला पटना को मौके वारदात पर एक लोडेड देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया।
उसके बाद गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और कथित स्वीकारोक्ति के आधार पर पुलिस ने दो अन्य व्यक्तियों संतोष कुमार (38 वर्ष), पिता योगेंद्र प्रसाद, निवासी भदरूडीह, थाना नगरनौसा, जिला नालंदा और अजीत कुमार (19 वर्ष), पिता सुरेश राम, निवासी सैरापर, थाना चंडी, जिला नालंदा को एक स्कॉर्पियो और एक पिकअप वाहन के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लोडेड देशी कट्टा, 12 बोर का जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन, एक स्कॉर्पियो एवं एक पिकअप वाहन बरामद किया। बरामद हथियार और वाहनों से संकेत मिलता है कि आरोपी संगठित तरीके से पहुंचे थे और घटना को अंजाम देने की पूरी तैयारी थी।
पुलिस ने इस मामले में एकंगरसराय थाना कांड संख्या 47/26, दिनांक 04.03.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 190(3), 109(1), 61(2) तथा शस्त्र अधिनियम की धारा 25(1-b)a/26/27/35 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की है।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्त दिनानाथ यादव के विरुद्ध पूर्व में हत्या एवं शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की छानबीन की जा रही है।
स्थानीय सूत्रों का मानना है कि पंचायत स्तर पर बढ़ती राजनीतिक प्रतिस्पर्धा और पुराने विवाद इस तरह की घटनाओं की पृष्ठभूमि बनते जा रहे हैं। हाल के वर्षों में ग्रामीण निकायों में सत्ता संघर्ष के कारण तनाव बढ़ा है, जिससे जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है।
इस अभियान में पुलिस निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार (एकंगरसराय अंचल), पुअनि सह थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा, पुअनि बजेश कुमार चौधरी एवं पुअनि मोहन पासवान की सक्रिय भूमिका रही। स्रोतः नालंदा पुलिस प्रेस विज्ञप्ति





