RTE के तहत वंचित बच्चों के लिए सुनहरा मौका, फिर खुला ज्ञानदीप पोर्टल

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। शिक्षा का अधिकार (RTE) कानून के तहत निजी स्कूलों में नामांकन से वंचित रह गए सैकड़ों बच्चों के लिए राहत की खबर है। अब उन्हें शिक्षा के अवसर से वंचित नहीं रहना पड़ेगा। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत विभाग ने ऐसे बच्चों के लिए एक बार फिर ज्ञानदीप पोर्टल को खोल दिया है, जिससे वे तीसरे राउंड के रेंडमाइजेशन में शामिल हो सकें।

पहले और दूसरे चरण में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने अपने बच्चों का ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। हालांकि तकनीकी कारणों या रेंडमाइजेशन में चूक के चलते कई बच्चों को कोई स्कूल अलॉट नहीं हुआ। ऐसे में अभिभावकों ने समग्र शिक्षा कार्यालय में आवेदन जमा कर निजी स्कूलों में नामांकन की मांग की थी। अब तक 177 बच्चों के अभिभावकों ने आवेदन किया है और यह संख्या 500 से अधिक तक पहुंचने की संभावना है।

ब्लॉक स्तर पर 25 आवेदन अभी भी लंबित हैं, जिसकी जानकारी डीपीओ समग्र शिक्षा मो. शाहनवाज ने दी। उन्होंने बताया कि पोर्टल खुलने की सूचना संबंधित अभिभावकों को एसएमएस के माध्यम से भेज दी गई है। सभी अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे अपने बच्चों के आईडी लॉगइन कर, स्कूल विकल्पों में आवश्यक संशोधन कर पुनः आवेदन अपलोड करें।

संभाग प्रभारी मृत्युंजय कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि जिन बच्चों का रजिस्ट्रेशन पहले से हुआ है लेकिन स्कूल अलॉट नहीं हुआ, उन्हें अब तीसरे रेंडमाइजेशन में शामिल किया जाएगा। इसके लिए जरूरी है कि अभिभावक पोर्टल पर जाकर अपने बच्चे के विवरण में एक बार एडिट करें। इसके बाद आवेदन सीधे बीईओ (प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी) के पास जाएगा। बीईओ की स्वीकृति के पश्चात आवेदन विभाग को भेजा जाएगा, जो रेंडमाइजेशन प्रक्रिया में शामिल होगा।

उन्होंने बताया कि पहले चरण में 1016 बच्चों का स्कूल अलॉट किया गया था, जिनमें से 763 बच्चों का नामांकन निजी स्कूलों में हो चुका है। 251 बच्चों के आवेदन अभी भी स्कूल स्तर पर लंबित हैं, जबकि 2 बच्चों को स्कूलों ने नामांकन देने से मना कर दिया है। दूसरे चरण में 862 बच्चों का ज्ञानदीप पोर्टल पर पंजीकरण हुआ था, जिनमें से 416 बच्चों के स्कूल अलॉट किए गए हैं। इनका नामांकन प्रक्रिया में है।

नोट: आवेदन की अंतिम तिथि या रेंडमाइजेशन की अगली संभावित तारीख जानने के लिए अभिभावक अपने संबंधित बीईओ कार्यालय से संपर्क करें या ज्ञानदीप पोर्टल पर नियमित अपडेट देखें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

जुड़ी खबरें

प्रमुख खबरें

सर्वजन खबरें