Home Guard Recruitment: 812 होमगार्ड जवानों का चयन, 3 फर्जी अभ्यर्थी गिरफ्तार

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। नालंदा जिला प्रशासन ने होमगार्ड जवानों की भारी कमी को दूर करने के लिए भर्ती (Home Guard Recruitment) प्रक्रिया को तेज कर दिया है। इस महत्वाकांक्षी प्रक्रिया के तहत कुल 38649 अभ्यर्थियों में से 812 होमगार्ड जवानों का चयन किया जाना है। इनमें 31338 पुरुष, 7310 महिलाएं और 1 थर्ड जेंडर अभ्यर्थी शामिल हैं। चयन प्रक्रिया में 276 पद महिलाओं के लिए, 1 पद थर्ड जेंडर के लिए और शेष पद पुरुष अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित हैं।
जिला समादेष्टा मो. फैज आलम के अनुसार दीपनगर स्टेडियम में चल रही चयन प्रक्रिया का एक बड़ा हिस्सा सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। हालांकि बारिश के कारण 18, 19 और 20 जून को प्रस्तावित पुरुष अभ्यर्थियों की दौड़ को स्थगित करना पड़ा था।
अब यह दौड़ 15, 16 और 17 जुलाई को आयोजित की जाएगी। इसके अतिरिक्त मुहर्रम के कारण 7 जुलाई को निर्धारित महिला अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया को भी स्थगित कर दिया गया है, जो अब 13 जुलाई को होगी।
चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाए गए हैं। जिला प्रशासन की सतर्कता के परिणामस्वरूप अब तक तीन फर्जी अभ्यर्थियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
जिला समादेष्टा ने बताया कि चयन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी कड़ी निगरानी जारी रहेगी।
वर्तमान में नालंदा जिले में होमगार्ड जवानों की भारी कमी है। जिले को 2170 होमगार्ड जवानों की आवश्यकता है। लेकिन अभी केवल 600 जवान ही कार्यरत हैं। आगामी भर्ती के बाद यह संख्या बढ़कर 1412 हो जाएगी। फिर भी 758 पद रिक्त रह जाएंगे।
समादेष्टा ने बताया कि कई कार्यरत होमगार्ड जवान सेवानिवृत्ति की उम्र सीमा पर पहुंच रहे हैं, जिससे रिक्तियों की संख्या और बढ़ सकती है।
जिला प्रशासन ने विभाग से कुल 1475 पदों के लिए मांग की थी। लेकिन पहले चरण में केवल 812 पदों के लिए स्वीकृति प्राप्त हुई है। शेष 663 पदों के लिए अगले चरण में स्वीकृति मिलने की संभावना है।
जिला समादेष्टा ने विश्वास जताया कि इन रिक्तियों को भरने के लिए जल्द ही अगला चरण शुरू किया जाएगा। जिससे जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।









