Khelo India Youth Games 2025: हॉकी में झारखंड ने बिहार को 5-0 से धो डाला
खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत राजगीर इस समय देशभर से आये खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों से गुलजार है यहां न सिर्फ युवा खिलाड़ी अपने हुनर का प्रदर्शन कर रहे हैं, बल्कि राजगीर की ऐतिहासिक भूमि भी खेलों के जरिए एक नई पहचान बना रही है...

राजगीर (नालंदा दर्पण)। खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 (Khelo India Youth Games 2025) का आठवां दिन राजगीर के खेल परिसर में युवा जोश, कौशल और प्रतिस्पर्धा का गवाह बना। दिन भर चले रोमांचक हॉकी मुकाबलों में झारखंड की टीम ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए बिहार को बालक वर्ग में 5-0 से पराजित कर दिया। यह मुकाबला एकतरफा रहा। जिसमें झारखंड के खिलाड़ियों ने गेंद पर जबरदस्त नियंत्रण और तेजतर्रार रणनीति का प्रदर्शन कर दर्शकों की तालियाँ बटोरीं।
झारखंड की विजय में दिखा टीम वर्क और फुर्तीः राजगीर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले की शुरुआत से ही झारखंड ने आक्रामक रुख अपनाया। पहले क्वार्टर में ही दो शानदार गोल दागकर टीम ने बढ़त बना ली। जिसके बाद बिहार की टीम पूरे मैच में उबर नहीं सकी। झारखंड के लिए आदित्य कुमारी और सूरज महतो ने दो-दो गोल किए। जबकि अंतिम गोल कप्तान राजन टोप्पो के नाम रहा। यह जीत झारखंड को अगले दौर में ले गई है और टीम अब सेमीफाइनल की तैयारियों में जुट गई है।
बालिका वर्ग में भी दमदार प्रदर्शन, मध्यप्रदेश ने हिमाचल को रौंदाः सुबह के पहले मुकाबले में बालिका वर्ग में मध्यप्रदेश ने हिमाचल प्रदेश को 5-0 से हराकर जोरदार शुरुआत की। टीम की कप्तान श्रेया वर्मा ने दो गोल किए। जबकि अन्य तीन गोल अलग-अलग खिलाड़ियों के खाते में गए। मध्यप्रदेश की लड़कियों का तालमेल और आक्रामक शैली हिमाचल की रक्षा पंक्ति के लिए भारी पड़ी।
उत्तर प्रदेश बनाम झारखंड: बालकों का कांटे का मुकाबलाः प्रैक्टिस टर्फ पर बालक वर्ग में उत्तर प्रदेश और झारखंड के बीच खेला गया मैच सांसें रोक देने वाला रहा। दोनों टीमें तीन क्वार्टर तक 2-2 की बराबरी पर रहीं। लेकिन अंतिम क्षणों में यूपी के खिलाड़ी अमन यादव ने शानदार गोल दागकर अपनी टीम को 3-2 से जीत दिला दी। झारखंड की इस मैच में हार के बावजूद खेल भावना और प्रदर्शन की सराहना की गई।
पंजाब बनाम हरियाणा और मणिपुर बनाम हरियाणा के मुकाबलों में दिखी क्लासिक हॉकीः दूसरे स्लॉट में बालिका वर्ग में पंजाब और हरियाणा की टीमें आमने-सामने रहीं। मुकाबला बेहद प्रतिस्पर्धात्मक रहा लेकिन हरियाणा की टीम ने 4-2 से जीत दर्ज की। उधर बालक वर्ग में मणिपुर और हरियाणा के बीच मुकाबला 4-4 की बराबरी पर समाप्त हुआ। यह मैच खेल भावना और तकनीकी कौशल का अद्भुत नमूना रहा। इस ड्रॉ के बावजूद हरियाणा ने पूल बी में टॉप कर अगले दौर में प्रवेश किया और अब उनका लक्ष्य स्वर्ण पदक पर है।
राजगीर बना युवा प्रतिभाओं का संगमः खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत राजगीर इस समय देशभर से आये खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों से गुलजार है। अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त स्टेडियम, प्रशिक्षण के लिए आधुनिक टर्फ और बेहतरीन प्रबंधन ने इस आयोजन को खास बना दिया है। यहां न सिर्फ युवा खिलाड़ी अपने हुनर का प्रदर्शन कर रहे हैं, बल्कि राजगीर की ऐतिहासिक भूमि भी खेलों के जरिए एक नई पहचान बना रही है।









