
नालंदा दर्पण डेस्क। अब किसी भी आपात स्थिति में घबराने की जरूरत नहीं है। तकनीक ने एक ऐसा हथियार दे दिया है, जो मुश्किल समय में सबसे बड़े मददगार के रूप में सामने आया है। हम बात कर रहे हैं ‘112 India’ एप की। एक ऐसा मोबाइल एप्लिकेशन जो इमरजेंसी के वक्त आपकी जान बचा सकता है।
कई बार हादसे अचानक होते हैं। कहीं सड़क दुर्घटना हो गई, किसी महिला को अकेले घर लौटते समय असुरक्षित महसूस हो रहा है या किसी मरीज को तुरंत एम्बुलेंस की जरूरत है। ऐसे समय में लोगों को समझ नहीं आता कि सबसे पहले क्या करें। इन्हीं स्थितियों को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार ने 112 India एप को लॉन्च किया है।
क्या है 112 India एप? यह एप Ministry of Home Affairs के अधीन Emergency Response Support System (ERSS) का हिस्सा है। यह एक सिंगल इमरजेंसी नंबर- 112 से जुड़ा हुआ है, जिसे डायल करने पर पुलिस, फायर ब्रिगेड या एम्बुलेंस। तीनों सेवाओं तक तुरंत पहुंचा जा सकता है।
कैसे करता है काम?
- एप को Google Play Store या Apple App Store से फ्री में डाउनलोड किया जा सकता है।
- एक बार रजिस्ट्रेशन के बाद, इमरजेंसी की स्थिति में यूजर को सिर्फ SOS बटन दबाना होता है।
- एप यूजर की रियल-टाइम लोकेशन को ट्रैक कर नजदीकी हेल्प सेंटर को अलर्ट भेजता है।
- खास बात यह है कि अगर यूजर बोलने में असमर्थ हो, तब भी मदद मिल सकती है।
- इसमें एक ‘Track Me’ फीचर भी है, जिससे कोई भरोसेमंद व्यक्ति आपकी लोकेशन लगातार ट्रैक कर सकता है।
महिलाओं और बच्चों के लिए वरदानः 112 India एप खासकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर डिज़ाइन किया गया है। अगर कोई महिला असुरक्षित महसूस कर रही है, तो बिना कॉल किए सिर्फ एक बटन से मदद मंगाई जा सकती है। एप महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक विशेष रेस्पॉन्स टीम को अलर्ट करता है।
चौबीसों घंटे उपलब्ध सेवाः यह एप 24×7 काम करता है। चाहे दिन हो या रात, शहर हो या गांव। देश भर में इसका नेटवर्क लगातार मजबूत किया जा रहा है और इसे हर राज्य की लोकल पुलिस, एम्बुलेंस सेवा और दमकल विभाग से जोड़ा गया है।
क्यों जरूरी है आपके फोन में यह एप?
- किसी भी समय, कहीं भी इमरजेंसी में मदद के लिए तैयार।
- बोल पाने की स्थिति में न हों तब भी SOS भेजा जा सकता है।
- महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के लिए खासतौर पर उपयोगी।
- सरकारी और भरोसेमंद सेवा, कोई थर्ड पार्टी शामिल नहीं।
देशभर में बढ़ते अपराधों और हादसों को देखते हुए अब यह जरूरी हो गया है कि हर नागरिक 112 India एप को अपने फोन में इंस्टॉल करे। यह केवल एक एप नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में आपकी सुरक्षा की गारंटी है। तो अब देर किस बात की? अभी 112 India App डाउनलोड करें और सुरक्षित रहें!









