
नगरनौसा (नालंदा दर्पण)। नगरनौसा थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) में हुई लूट की घटना का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। विशेष जांच टीम की कार्रवाई में वारदात को अंजाम देने वाले चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके कब्जे से लूटा गया लैपटॉप, नकदी, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन तथा वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं।
डीएसपी रंजन कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि शनिवार दोपहर चार हथियारबंद बदमाश महमदपुर स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र में घुसे थे। अपराधियों ने हथियार के बल पर सीएसपी संचालक को आतंकित कर पांच हजार रुपये नकद, एसबीआई की चेकबुक और एक लैपटॉप लूट लिया था। घटना के बाद नगरनौसा थाना में कांड संख्या-195/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ, डीआईयू और स्थानीय पुलिस की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई छापेमारी के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान लूटी गई राशि में से 3,200 रुपये, लैपटॉप, चार मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल तथा अपराध के दौरान पहने गए कपड़े बरामद किए गए।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी अकलू कुमार ने पुलिस को एक और महत्वपूर्ण जानकारी दी। उसने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ एकंगरसराय थाना क्षेत्र के रामभवन स्थित ग्रामीण बैंक में भी लूट की योजना बना रहा था। इसके लिए बैंक की रेकी कर वीडियो बनाया गया था, जिसे सह-अभियुक्त नीरज कुमार को भेजा गया था। पुलिस इस खुलासे के आधार पर संभावित आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों की जांच में जुट गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान थरथरी थाना क्षेत्र के भतूबिगहा निवासी नीरज कुमार, हिलसा थाना क्षेत्र के भटविगहा निवासी अकलू कुमार, नूरसराय निवासी सूरज राज तथा पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र के पीताम्बरपुर निवासी अनिकेत कुमार के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में चंडी अंचल निरीक्षक चंदन कुमार सिंह, हिलसा थानाध्यक्ष चंद्रभानु, नगरनौसा थानाध्यक्ष शशिरंजन कुमार मिश्रा, करायपरसुराय थानाध्यक्ष सुशील कुमार पासवान, प्रभारी डीआईयू आलोक कुमार, एसटीएफ एवं डीआईयू की टीम, पुअनि संदीप कुमार सिंह तथा सशस्त्र बल के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीएसपी रंजन कुमार ने कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास, उनके नेटवर्क और अन्य संभावित वारदातों से जुड़े पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है।






