अपराधनालंदाबिग ब्रेकिंगराजगीर

राजगीर में साइबर ठगों पर बड़ी कार्रवाई, 18 मोबाइल के साथ 10 आरोपी धराए

राजगीर (नालंदा दर्पण)। नालंदा जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। कतरीसराय थाना पुलिस ने सुनियोजित छापामारी कर विभिन्न तरीकों से लोगों को झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।

इस कार्रवाई में 10 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो विधि विरुद्ध बालक भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 18 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 23 हजार 700 रुपये नकद, कई फर्जी दस्तावेज और आपत्तिजनक तस्वीरें बरामद की हैं।

राजगीर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) सुनील कुमार सिंह ने पत्रकार वार्ता में इस पूरे मामले का खुलासा किया और बताया कि कतरीसराय थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के मैराबरीठ गांव के खंधा और बोरिंग के आसपास अलग-अलग स्थानों पर कुछ लोग साइबर ठगी की गतिविधियों में संलिप्त हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी राजगीर के निर्देश पर तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने चिन्हित स्थानों पर एक साथ छापेमारी की, जहां से 10 साइबर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, नकद राशि और फर्जी दस्तावेज बरामद हुए, जिनका इस्तेमाल ठगी के लिए किया जा रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि आरोपी अलग-अलग प्रलोभन देकर लोगों से ऑनलाइन पैसे ऐंठते थे।

डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिसके आधार पर पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में कतरीसराय थाना क्षेत्र के बरांदी निवासी मनोज सिंह (पिता कारू सिंह), ओंकार कुमार (पिता सच्चिदानंद), दीपक कुमार (पिता सुरेन्द्र प्रसाद उर्फ शुली सिंह), मैराबरीठ निवासी कमलेश कुमार (पिता कारु महतो) और पप्पु यादव (पिता महेन्द्र यादव) शामिल हैं।

इसके अलावा नवादा जिले के हिसुआ निवासी रंजीत प्रसाद के पुत्र शुभम कुमार और सुरेश पासवान के पुत्र राजीव कुमार, जो वर्तमान में कतरीसराय थाना क्षेत्र के अहियाचक में रह रहे थे, उसे भी गिरफ्तार किया गया है। अहियाचक निवासी नगीना पासवान के पुत्र सागर पासवान को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। वहीं सकुचीसराय के दो किशोरों को विधि विरुद्ध बालक के रूप में निरुद्ध किया गया है।

छापामारी दल में गिरियक सर्किल इंस्पेक्टर सुमन कुमार, कतरीसराय थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार कुशवाहा, परिक्ष्यमान अवर निरीक्षक आदित्य कुमार, मुकुन्द भारती, सहायक अवर निरीक्षक मनीष कुमार, धर्मेन्द्र कुमार, रुदल पासवान, संजय दास सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में साइबर अपराध पर कड़ी नजर रखी जा रही है और इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Nalanda Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (mukesh bhartiy) पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.