
हिलसा (नालंदा दर्पण)। नालंदा जिले के चिकसौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोसाईपुर गांव में गुरुवार की रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। अज्ञात बदमाशों ने एक ही रात न्यायिक पदाधिकारी के घर सहित चार बंद मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार गृहस्वामी सुजीत कुमार ने बताया कि उनका परिवार हिलसा में रहता है। उनकी पत्नी गांव के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका हैं और प्रतिदिन स्कूल आने-जाने के दौरान घर की देखभाल कर शाम में वापस हिलसा लौट जाती हैं। इसी बीच गुरुवार की रात चोरों ने सूने घर का फायदा उठाया और मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए।
चोरों ने घर के चार कमरों का ताला तोड़ते हुए बक्से में रखे करीब 41 हजार रुपये नकद और लगभग पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। पीड़ित ने बताया कि बदमाशों ने उनके भाई के घर को भी निशाना बनाया, जो पटना में न्यायिक पदाधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। चोरों ने वहां भी मुख्य गेट का ताला तोड़कर तीन कमरों में चोरी की घटना को अंजाम दिया।
बताया जाता है कि न्यायिक पदाधिकारी के घर की देखरेख गांव निवासी किशोरी प्रसाद करते हैं। उन्होंने बताया कि रोजाना की तरह शाम में बल्ब जलाकर वे अपने घर चले गए थे। सुबह लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा था।
इसी रात गांव निवासी अनिल कुमार के घर में भी चोरी हुई। वे वर्तमान में पटना में रहते हैं और उनके मकान की देखभाल जुदागी प्रसाद करते हैं। चोरों ने मुख्य दरवाजा तोड़कर चार कमरों में रखे सामान को खंगाल डाला। वहीं प्रफुल प्रसाद के घर में भी चोरी का प्रयास किया गया, हालांकि वहां बदमाश सफल नहीं हो सके।
घटना की सूचना मिलते ही चिकसौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना अध्यक्ष गौरव सिंधू ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल एवं डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और जल्द ही मामले के खुलासे का दावा किया जा रहा है।






