बिहटा-सरमेरा मार्ग पर अज्ञात वाहन ने एंबुलेंस को भुर्ता बनाया, चालक की मौत

रामपुर मोड़ पर हुए भीषण हादसे ने सड़क सुरक्षा पर उठाए गंभीर सवाल

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। बिंद थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहटा-सरमेरा मार्ग (एसएच-78) पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एंबुलेंस चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसा रामपुर मोड़ के समीप हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने एंबुलेंस में सीधी और जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए।

मृतक की पहचान पटना जिले के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र अंतर्गत ईशापुर निवासी 38 वर्षीय मो. मनोवर के रूप में हुई है, जो मो. हनीफ के पुत्र बताए जाते हैं। परिजनों के अनुसार मनोवर पेशे से एंबुलेंस चालक थे और देर रात लखीसराय से मरीज छोड़कर वापस पटना लौट रहे थे। इसी दौरान रामपुर मोड़ के पास यह हादसा हो गया।

टक्कर के बाद मचा अफरा-तफरी का माहौलः स्थानीय लोगों ने बताया कि रात के सन्नाटे को चीरती जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर वे घटनास्थल की ओर दौड़े। वहां का मंजर भयावह था। एंबुलेंस सड़क किनारे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी थी और चालक सीट पर मनोवर गंभीर रूप से जख्मी थे। मौके पर ही उनकी मौत हो चुकी थी।

टक्कर किस वाहन से हुई, इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग ट्रक से टक्कर की आशंका जता रहे हैं, तो कुछ हाइवा वाहन को जिम्मेदार मान रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी वाहन की पुष्टि नहीं की है।

पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले जा रहेः घटना की सूचना मिलते ही बिंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बिंद थानाध्यक्ष चंदन कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार वाहन की पहचान की जा सके।

सड़क सुरक्षा पर उठे सवालः एसएच-78 पर लगातार हो रहे हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने और स्पीड कंट्रोल के कड़े इंतजाम की मांग की है।

इस दर्दनाक हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मचा है। घर के कमाऊ सदस्य की असमय मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं।

समाचार स्रोत: बिंद संवाददाता

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

प्रमुख समाचार

सर्वप्रिय समाचार