
इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। खुदागंज थाना क्षेत्र में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। इस्लामपुर-खुदागंज मुख्य मार्ग पर परशुराय और शोभाविगहा गांव के बीच दिनदहाड़े हथियारबंद सड़क लुटेरों ने एक व्यवसायी को निशाना बनाते हुए नगद राशि, स्कूटी और मोबाइल फोन लूट लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गया जिला के मानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जनकपुर निवासी व्यवसायी रितेश दीवान उर्फ चुन्नू खुदागंज बाजार से दुकानदारों से बकाया राशि की वसूली कर स्कूटी से इस्लामपुर लौट रहे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार पांच अपराधियों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया। बदमाशों ने हथियार का भय दिखाकर स्कूटी में रखा करीब 60 हजार रुपये नगद, मोबाइल फोन तथा स्कूटी लूट ली और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही डीएसपी कुमार ऋषिराज पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। डीएसपी ने बताया कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही मामले का खुलासा कर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे राहगीरों और व्यवसायियों में भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है।
- सीएम सम्राट चौधरी के हाथों राजकीय राजगीर मलमास मेला 2026 का भव्य आगाज
- राजगीर-हावड़ा समर स्पेशल ट्रेन शुरू, बिहारशरीफ-शेखपुरा के यात्रियों को बड़ी राहत
- पैमार नदी से अधेड़ का शव बरामद, हत्या की आशंका की जांच में जुटी पुलिस
- इस्लामपुर प्रॉपर्टी डीलर गोली कांडः 4 लोगों पर नामजद FIR दर्ज
- चिकसौरा थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक, जज के घर समेत 4 मकानों में लाखों की चोरी






