धरोहरनालंदाप्रशासनबिग ब्रेकिंगभ्रष्टाचारराजगीरसिलाव

ऐतिहासिक तालाब से अवैध खनन में जुटी कंस्ट्रक्शन कंपनी पर FIR दर्ज

राजगीर (नालंदा दर्पण)। सिलाव प्रखंड अवस्थित प्राचीन भिंडा तालाब से अवैध खनन का गंभीर मामला सामने आया है। गोरावा गांव के इस ऐतिहासिक तालाब से बिना किसी विभागीय अनुमति के मिट्टी की खुदाई की जा रही थी। खनन विभाग ने राजा कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करवाई है। जिसमें कंपनी पर अवैध रूप से मिट्टी निकालने का आरोप है।

यह अवैध खनन 1 मार्च से शुरू हुआ था। जिसमें पोकलेन और डोजर जैसी भारी मशीनों का उपयोग किया गया। निकाली गई मिट्टी को सड़क निर्माण विभाग के संवेदकों को बेचा जा रहा था। इस काम में स्थानीय ग्रामीणों को आर्थिक प्रलोभन देकर शामिल किया गया।

मामला तब और गंभीर हो गया जब खुदाई के दौरान तालाब से एक प्राचीन दीवार मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद पुरातत्व विभाग ने तुरंत हस्तक्षेप किया। जांच में पाया गया कि यह खनन बिना किसी वैधानिक अनुमोदन के किया जा रहा था। हालांकि खुदाई पर रोक तब लगाई गई, जब मामला खुलने के आठ दिन बाद प्रशासन की नींद टूटी। इसके बावजूद मशीनरी को जब्त नहीं किया गया। बल्कि अधिकारियों के पहुंचने से पहले ही उन्हें वहां से हटा दिया गया था। जोकि प्रशासनिक देरी और संभावित मिलीभगत का संकेत देता है।

इस मामले की जांच-पड़ताल में खनन अधिकारियों ने प्रारंभिक लीपापोती का प्रयास किया और पूरी जांच को 24 घंटों तक खींचा। प्राथमिकी में भी विसंगतियां देखी गईं। स्थानीय लोगों का दावा है कि 10-12 फीट गहराई तक खुदाई हुई थी। लेकिन प्राथमिकी में इसे केवल 8 फीट बताया गया है।

सिलाव थाने में दर्ज प्राथमिकी में बताया गया है कि 11 मार्च को खान निरीक्षक को अवैध खनन की सूचना मिली थी। जिसके बाद जांच में तालाब में दो बड़े गड्ढे मिले। जिनका कुल परिमाप 2135.1 घन मीटर था। इतनी बड़ी मात्रा में मिट्टी निकालने से सरकार को 17,61,458 रुपए के राजस्व का नुकसान हुआ है।

यह खनन बिहार खनिज (समानुदान, अवैध खनन, परिवहन, भण्डारण निवारण) नियमावली 2019 और संशोधित 2024 के नियमों का उल्लंघन है। FIR में कहा गया है कि राजा कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के मालिक राजकुमार सिंह से इस राजस्व हानि की भरपाई की जाएगी। जिनका कार्यालय पालीगंज पटना में स्थित है।

Nalanda Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (mukesh bhartiy) पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Bihar Sharif covered with red flags regarding Deepnagar garbage dumping yard in nalanda ई BPSC टीचर बच्चों के बीच क्या मिमिया रहा है KK पाठक साहब? ई BPSC टीचर की गुंडई देख लीजिए KK पाठक साहब ! जानें भागवान महावीर के अनमोल विचार