राजगीर में पर्यटकों के लिए आकर्षण का केन्द्र बना ‘हॉकी का पर्व’

राजगीर (नालंदा दर्पण)। बिहार के पर्यटन शहर राजगीर में पहली बार आयोजित होने वाली वीमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन अब एक बड़े पर्व का रूप लेता जा रहा है। यह प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों और स्थानीय जनता में बल्कि पर्यटकों में भी गहरी उत्सुकता जगा रही है। ‘हॉकी का पर्व’ नाम से प्रसिद्ध हो रहे इस आयोजन के प्रचार-प्रसार को लेकर खेल विभाग और जिला प्रशासन सक्रियता से काम कर रहे हैं।

इस मौके पर राजगीर के प्रमुख चौक-चौराहों पर प्रतियोगिता के होर्डिंग्स लगाए गए हैं। प्रशासन की ओर से नालंदा और पावापुरी के महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों पर भी प्रतियोगिता की जानकारी वाले होर्डिंग्स लगाए गए हैं।

पटेल चौक, ब्रह्मकुंड क्षेत्र और यूनिवर्सिटी बाइपास से खेल परिसर तक जाने वाले मार्गों पर हर कुछ दूरी पर आकर्षक होर्डिंग्स लगाए गए हैं। इन होर्डिंग्स में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड के नामों और ध्वजों के चित्र शामिल हैं। जो प्रतियोगिता का हिस्सा बनने वाले देशों की उपस्थिति को दर्शाते हैं।

‘हॉकी का पर्व, बिहार का गर्व’ लिखे स्लोगन वाले ये होर्डिंग्स स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बहुत पसंद आ रहे हैं और उनमें बिहार की इस गौरवपूर्ण मेज़बानी के प्रति गर्व की भावना उत्पन्न हो रही है।

राजगीर में इस प्रतियोगिता का आयोजन नालंदा और मगध के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार के लिए गौरव की बात मानी जा रही है। इस आयोजन से उम्मीद है कि इससे न केवल हॉकी के प्रति उत्साह बढ़ेगा, बल्कि यहाँ आने वाले पर्यटकों को बिहार के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों से भी परिचित होने का एक विशेष अवसर मिलेगा।

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

जुड़ी खबरें

सर्वजन खबरें