अपराधनालंदाबिग ब्रेकिंगहिलसा

हिलसा में चोरी की बढ़ती घटनाएं: सैदनपुर में एक घर से लाखों की चोरी

हिलसा (नालंदा दर्पण) हिलसा थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। खासकर बंद घरों को निशाना बनाकर अज्ञात चोर धन, आभूषण और कीमती सामान लूट रहे हैं। ताजा मामला सैदनपुर गांव का है, जहां एक सेवानिवृत्त क्लर्क के घर में हुई भीषण चोरी ने स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश की लहर दौड़ा दी है। चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर ₹20 हजार नगद और ₹5 लाख के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया।

घटना सैदनपुर गांव में हिलसा-योगीपुर-कोरावां मुख्य मार्ग पर स्थित एक घर में हुई। पीड़ित देवनंदन प्रसा, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के हिलसा एस यू कॉलेज से सेवानिवृत्त क्लर्क हैं। उनके छोटे पुत्र गौतम कुमार असम में रेलवे विभाग में कार्यरत हैं, जबकि बड़े पुत्र पिंकू कुमार गया जिले के इमामगंज में शिक्षक हैं। छह दिन पहले देवनंदन अपनी पत्नी के साथ असम में अपने छोटे बेटे से मिलने गए थे, जिसके चलते उनका घर ताला बंद था।

चोरों ने इस अवसर का फायदा उठाया और सुनियोजित तरीके से चोरी को अंजाम दिया। उन्होंने न केवल मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा, बल्कि ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर के चार कमरों के ताले भी तोड़ डाले। सुबह जब स्थानीय लोगों ने खुला मुख्य दरवाजा देखा तो उन्हें संदेह हुआ। घर के अंदर जाकर देखने पर सामान बिखरा हुआ मिला और यह स्पष्ट हो गया कि चोरों ने बड़ी चोरी की है।

घर मालिक के बड़े पुत्र पिंकू कुमार ने बताया कि चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। चार कमरों के ताले तोड़कर गोदरेज और संदूक में रखे ₹20 हजार नगद, ₹5 लाख के आभूषण और कुछ महत्वपूर्ण कागजात चुरा लिए गए। इस घटना ने परिवार को आर्थिक और भावनात्मक रूप से झकझोर दिया है।

सैदनपुर गांव के निवासियों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि जब मुख्य सड़क के किनारे बने घरों में इस तरह की चोरी हो रही है तो आम लोगों की सुरक्षा का क्या हाल होगा? चोर इतने बेखौफ हो गए हैं कि आस-पास के लोगों को भनक तक नहीं लगी।

घटना की सूचना मिलते ही हिलसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हिलसा थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार ने बताया कि घर में कोई परिवारजन मौजूद नहीं था और ताला बंद होने के कारण चोरों ने रात में बारिश का फायदा उठाकर चोरी की। पीड़ित पिंकू कुमार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ आवेदन दिया है। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और सुरागों के आधार पर जांच की जा रही है।

बहरहाल हिलसा क्षेत्र में बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। स्थानीय लोग अब अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि पुलिस गश्ती को और प्रभावी किया जाए और रात के समय निगरानी बढ़ाई जाए।

मुकेश भारतीय

मुकेश भारतीय वरिष्ठ पत्रकार हैं और राजनीति, प्रशासन और स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर लेखन-संपादन करते हैं। More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

The unsolved mysteries of the ancient Nalanda University राजगीर पांडु पोखर एक ऐतिहासिक पर्यटन धरोहर Rajgir Sone Bhandar is the world’s biggest treasure Artificial Intelligence is the changing face of the future