
इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र में हुए बाइक लूटकांड का पुलिस ने महज 30 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा लूटी गई बाइक के साथ घटना में प्रयुक्त एक अन्य बाइक भी बरामद कर ली है।
हिलसा डीएसपी-2 कुमार ऋषिराज ने बताया कि 21 जून की रात को कोविल नदी पार पुल के समीप बाइक सवार दो व्यक्तियों को निशाना बनाकर अपराधियों ने उनकी बाइक और सोने का लॉकेट लूट लिया था। इस संबंध में थरथरी थाना क्षेत्र के वास्ता गांव निवासी किरणदेव चौहान ने इस्लामपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि वे डीजे का सामान लेकर अपने सहयोगी के साथ जा रहे थे, तभी रास्ते में बदमाशों ने उन्हें रोककर लूट की घटना को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय आसूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 30 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया।
हिलसा डीएसपी-2 कुमार ऋषिराज ने बताया कि जांच के दौरान जहानाबाद जिले के बेटौली गांव निवासी नेपाल कुमार तथा इस्लामपुर थाना क्षेत्र के खेदन बिगहा गांव निवासी दीपू कुमार को गिरफ्तार किया गया। दोनों की निशानदेही पर लूटी गई बाइक और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नेपाल कुमार के विरुद्ध पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस्लामपुर थाना में उसके खिलाफ एक तथा जहानाबाद जिले के हुलासगंज थाना में दो आपराधिक मुकदमे लंबित हैं।
डीएसपी ने बताया कि इस लूटकांड में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
इस कार्रवाई में इस्लामपुर थानाध्यक्ष रणविजय कुमार, पुअनि अरुण कुमार यादव, अरुण कुमार राय समेत पुलिस बल के अन्य जवान शामिल रहे।






