
इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। इस्लामपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हथियार के बल पर राहगीरों को निशाना बनाने वाले दो कथित सड़क लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से एक देसी कट्टा, छह जिंदा कारतूस, पांच मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है।
हिलसा डीएसपी-2 कुमार ऋषिराज ने बताया कि शुक्रवार की शाम मीना बाजार मुख्य सड़क पर बाइक सवार कल्याणपुर निवासी छोटू कुमार को दो युवकों ने हथियार दिखाकर रोक लिया। आरोप है कि बदमाश उसके गले से सोने का लॉकेट और मोबाइल लूटने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान क्षेत्र में गश्त कर रही इस्लामपुर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खुदागंज थाना क्षेत्र के क्षरियाविगहा गांव निवासी अर्जुन प्रसाद के 20 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार उर्फ गोलू कुमार तथा इस्लामपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर चौरा बिगहा गांव निवासी रामनंदन प्रसाद के 19 वर्षीय पुत्र सुशांत कुमार उर्फ मुन्ना के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से बरामद पांच मोबाइल फोन के संबंध में भी जांच की जा रही है। आशंका है कि इनका संबंध पूर्व में हुई लूट अथवा अन्य आपराधिक घटनाओं से हो सकता है। मामले में दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके आपराधिक नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम के सदस्य प्रवीण कुमार, संतोष कुमार, डिंपल कुमारी, जंटू कुमार, विनय पासवान सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से एक साथ पांच मोबाइल फोन बरामद होना जांच का महत्वपूर्ण बिंदु है। इससे यह संभावना भी खंगाली जा रही है कि वे केवल एक घटना ही नहीं, बल्कि पूर्व की अन्य लूट की वारदातों में भी शामिल रहे हों।
- साइबर सेल अधिकारी बनकर युवक का अपहरण, 6 घंटे में पुलिस ने छुड़ाया; दो गिरफ्तार
- नालंदा में EOU-STF का बड़ा ऑपरेशन: भू-माफिया संतोष डॉन नेटवर्क पर ड्रोन निगरानी






