नालंदाः अलग-अलग सड़क हादसों में गई आधा दर्जन लोगों की जान

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। नालंदा जिले में सड़क हादसों ने आधा दर्जन लोगों की जान ले ली। वहीं आधा दर्जन लोग जख्मी होकर अस्पताल में पड़े हैं। सरमेरा में दो बाइकों की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गयी।

वहीं, चंडी में भी अलग-अलग हादसों में दो लोगों की जान चली गयी। दीपनगर में ट्रैक्टर की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की जान चली गयी।

इसी तरह, नूरसराय में अज्ञात वाहन ने मजदूर को कुचल दिया। संबंधित थानों की पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया है।

2 बाइकों की भिड़ंत में 2 की मौत: सरमेरा। थाना क्षेत्र के एनएच 33 पर सरमेरा गांव के पास गंगा उद्भव योजना के कैम्प के पास बुधवार की शाम दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गयी।

इस हादसे में तोड़ा गांव निवासी प्रमोद रविवार के 17 वर्षीय पुत्र संतोष रविदास व सारे थाना क्षेत्र के मुर्गियाचक गांव निवासी रामदेव यादव के 35 वर्षीय पुत्र गगन यादव की मौत हो गयी। तोड़ा गांव के ही कुणाल कुमार का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

परिजन के अनुसार वह अपने दोस्त के साथ घर से मेला देखने के लिए निकला था। देर रात में सूचना मिली की वह जख्मी हो गया है। जबतक वे लोग अस्पताल पहुंचते, उसकी मौत हो चुकी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो दोनों बाइकों में जोरदार टक्कर हो गयी। टक्कर के बाद लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से सभी को बिहारशरीफ रेफर कर दिया गया।

बालू लदे ट्रैक्टर ने युवक को कुचलाः दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा गांव के पास एनएच 33 पर बुधवार की सुबह ट्रैक्टर से कुचलकर बाइक सवार युवक की मौत हो गयी।

मृतक परवलपुर थाना क्षेत्र के अस्तुपुर गांव निवासी देवेन्द्र प्रसाद का 29 वर्षीय पुत्र राजीव कुमार है। उसका सहयोगी दीपू जख्मी हो गया है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाकर सदर अस्पताल में हंगामा किया।

परिजन ने बताया कि युवक वीडियोग्राफी का काम करता था। बुधवार की सुबह काम करने के बाद सहयोगी के साथ बाइक से बिहारशरीफ से घर लौट रहा था। उसी दौरान बालू लदे ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। दोनों जख्मी होकर सड़क पर गिर गये।

पुलिस ने दोनों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। वहां एक युवक की मौत हो गयी। मौत के बाद परिजन हंगामा करने लगे। उनका आरोप था कि मामूली चोट की बात बताकर इलाज में कोताही बरती गयी। इससे तीन घंटे बाद उसकी मौत हो गयी।

चंडी में गयी 2 लोगों की जान: चंडी। थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर दो लोगों की मौत हो गयी।

पहली घटना जैतीपुर-हरनौत मार्ग पर कल्याण बिगहा मोड़ के पास हुई। बुधवार की सुबह एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पईन में पलट गयी। गाड़ी के शीशे बंद थे। दम घुटने से चालक चेरो थाना क्षेत्र के मुसहरी गांव निवासी जितेन्द्र केवट की जान चली गयी।

उसके रिश्तेदार ने बताया कि वह गाड़ी से किसी को छोड़ने के लिए पटना गया था। लौटने के दौरान तीखा मोड़ रहने के कारण गाड़ी गड्ढे में पलट गयी। वह गाड़ी से निकल नहीं पाया और उसकी मौत हो गयी।

दूसरी घटना एसएच 78, सरमेरा-बिहटा मार्ग पर गौढ़ापर और दस्तूरपर गांव के बीच मंगलवार की रात हुई। अज्ञात वाहन की चपेट में आकर एक महिला की जान चली गयी। मृतका की पहचान नहीं हो पायी है।

पुलिस ने राहगीर की सूचना पर महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव को पहचान के लिए सदर अस्पताल में रखा गया है।

मजदूरी के लिए रहे अधेड़ की मौत: नूरसराय हाई स्कूल के पास गुरुवार की सुबह मजदूरी के लिए जा रहे अधेड़ की अज्ञात वाहन से कुचलकर मौत हो गयी।

मृतक चंडी थाना क्षेत्र के ठाकुरस्थान निवासी मुन्ना पासवान का 45 वर्षीय पुत्र राजाराम प्रसाद है।

परिजन ने बताया कि वह मजदूरी करने के लिए नूरसराय आ रहे थे। अज्ञात वाहन की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से जख्मी हो गये। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उनकी जान चली गयी।

Nalanda Darpan

नालंदा दर्पण (Nalanda Darpan) के संचालक-संपादक वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (Mukesh Bhartiy) पिछले 35 वर्षों से समाचार लेखक, संपादक और संचार विशेषज्ञ के रूप में सक्रिय हैं। उन्हें समसामयिक राजनीति, सामाजिक मुद्दों, स्थानीय समाचार और क्षेत्रीय पत्रकारिता पर गहरी पकड़ और विश्लेषणात्मक अनुभव है। वे तथ्य आधारित, निष्पक्ष और भरोसेमंद रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों तक ताज़ा खबरें और सटीक जानकारी पहुँचाने के लिए जाने जाते हैं। एक्सपर्ट मीडिया न्यूज़ (Expert Media News) सर्विस द्वारा प्रकाशित-प्रसारित नालंदा दर्पण (Nalanda Darpan) के माध्यम से वे स्थानीय समाचार, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका मानना है कि स्थानीय पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी, प्रमाण और जनहित के साथ सामने रखना है। ताकि एक स्वस्थ समाज और स्वच्छ व्यवस्था की परिकल्पना साकार हो सके। More »
error: Content is protected !!

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker