कतरीसराय में 75 लाख की रंगदारी मांगने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 7 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए आगे की कार्रवाई जारी है…
कतरीसराय (नालंदा दर्पण /संतोष भारती)। कतरीसराय थाना क्षेत्र के कतरीडिह मोड़ स्थित राज्य हाईवे-71 पर संचालित खान फर्नीचर के मालिक से 75 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले गिरोह का नालंदा पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल कर व्यवसायी से भारी रकम की मांग की थी। साथ ही पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देते हुए ‘डेमो’ दिखाने की चेतावनी भी दी गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित व्यवसायी की लिखित शिकायत पर स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद नालंदा पुलिस अधीक्षक भरत सोनी के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम का नेतृत्व राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह कर रहे थे। इसमें गिरियक इंस्पेक्टर सुमंत कुमार, कतरीसराय थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार और जिला आसूचना इकाई के अधिकारी शामिल थे।
पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और लगातार छापेमारी अभियान के जरिए गिरोह तक पहुंच बनाई। गुरुवार को बिहार थाना और मानपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न ठिकानों पर की गई कार्रवाई में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रौशन कुमार (अम्बर चौक, नालंदा), नीरज उर्फ मनीष पासवान, रविशंकर कुमार उर्फ रवि (दोनों नवाजी विगहा, मानपुर), आर्यन शर्मा उर्फ रिशु (बंगाली टोला, वर्तमान पता शिक्षक कॉलोनी, बिहारशरीफ), राहुल कुमार उर्फ विवेक प्रियदर्शी (सोहन कुआं, लहेरी थाना), गुड्डू कुमार (खरीदी विगहा, नवादा) तथा प्रेरित कुमार (सुंदर नगर, कोडरमा, झारखंड, वर्तमान में बिहारशरीफ) के रूप में हुई है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से आठ एंड्रॉयड स्मार्टफोन, एक कीपैड मोबाइल, एक सिम कार्ड, तीन आधार कार्ड और एक महत्वपूर्ण कागज बरामद किया है, जिसमें पीड़ित व्यवसायी का मोबाइल नंबर दर्ज था। पुलिस का मानना है कि यही दस्तावेज रंगदारी की साजिश का अहम सुराग है।
इस अभियान में सह अंचल निरीक्षक संजय कुमार, राजगीर एवं पावापुरी थानाध्यक्ष, कतरीसराय अपर थानाध्यक्ष आदित्य कुमार, पीएसआई मुकुंद भारती, डीआईयू टीम और रिजर्व शस्त्र बल के जवान शामिल रहे।






