अपराधनालंदाबिग ब्रेकिंग

प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड का खुलासाः कोलकाता से 4 आरोपी गिरफ्तार

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। नालंदा जिले के बहुचर्चित प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड मामले में नालंदा पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने हत्या में शामिल चार बदमाशों को पश्चिम बंगाल के कोलकाता से गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई कोलकाता पुलिस के पार्क स्ट्रीट थाना और साउथ डिविजन मॉनिटरिंग टीम के सहयोग से की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद राजा, मोहम्मद इमरान, मोहम्मद औरंगजेब और मोहम्मद नाजिश उर्फ अज्जू के रूप में हुई है।

नालंदा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) भारत सोनी के अनुसार 19 जून 2025 को नालंदा थाना क्षेत्र के पन्हेसा गांव में मस्जिद के समीप प्रॉपर्टी डीलर रजी अहमद उर्फ नन्नू की चार गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी।

इस घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी राजगीर के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपियों की पहचान की और उन्हें कोलकाता से धर दबोचा।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक रजी अहमद का मोहम्मद साकिब और मोहम्मद समीर के साथ लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई और वारदात को अंजाम दिया गया।

हालांकि, साकिब और समीर अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। एसपी भारत सोनी ने बताया कि इन दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक लोहे की बनी पिस्टल, और पिस्टल के मैगजीन में तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इन हथियारों का इस्तेमाल हत्या में किया गया था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इन बदमाशों की अन्य आपराधिक घटनाओं में भी संलिप्तता है या नहीं।

इस ऑपरेशन में शामिल पुलिस टीम में डीएसपी सुनील कुमार सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह, राजगीर थानाध्यक्ष रमन कुमार, डीआईयू प्रभारी आलोक कुमार, लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार, नालंदा थानाध्यक्ष निशि कुमार, सिलाव थानाध्यक्ष इरफान खान, गिरियक थानाध्यक्ष दीपक कुमार, छबीलापुर थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद, वेन थानाध्यक्ष रवि कुमार और पुलिस बल के अन्य जवान शामिल थे।

Nalanda Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (mukesh bhartiy) पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.