
राजगीर (नालंदा दर्पण)। राजगीर (Rajgir) की तस्वीर पिछले दो दशकों में तेजी से बदल गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में यहां विकास की कई महत्वाकांक्षी योजनाएं धरातल पर उतरी हैं। कभी नक्सल प्रभावित और पिछड़ेपन की छवि वाले इस ऐतिहासिक नगर ने अब शांति, सुरक्षा और आधुनिकता का प्रतीक बनने की दिशा में कदम बढ़ा लिए हैं।
सुरक्षा और प्रशासनिक सशक्तिकरणः राजगीर को सुरक्षा और प्रशासनिक दृष्टि से सशक्त बनाने के लिए बिहार पुलिस अकादमी और सीआरपीएफ ट्रेनिंग सेंटर की स्थापना की गई है। ये संस्थान सुरक्षा प्रशिक्षण का केंद्र बनकर उभरे हैं और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया है।
शिक्षा में वैश्विक पहचानः शिक्षा क्षेत्र में नालंदा विश्वविद्यालय का पुनरुद्धार और विस्तार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना है। साथ ही नालंदा खुला विश्वविद्यालय ने उच्च शिक्षा के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जो देश-विदेश के विद्यार्थियों को आकर्षित कर रहा है।
खेल और युवा सशक्तिकरणः खेल क्षेत्र में राजगीर तेजी से आगे बढ़ रहा है। बिहार खेल विश्वविद्यालय और राज्य खेल अकादमी खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण और उपकरण उपलब्ध करा रही हैं। लगभग 40,000 दर्शकों की क्षमता वाला इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनकर तैयार है, जो इस शहर को खेल गतिविधियों का नया केंद्र बना रहा है।
पर्यटन और अंतर्राष्ट्रीय आकर्षणः पर्यटन क्षेत्र में हुए विकास ने राजगीर को नई ऊंचाई दी है। नेचर सफारी, जू सफारी और इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर जैसे परियोजनाओं ने देशी-विदेशी पर्यटकों को आकर्षित किया है। साथ ही पांडू पोखर, वेणुवन, जयप्रकाश उद्यान, केविन रोपवे और घोड़ाकटोरा झील का सौंदर्यीकरण और आधुनिक विकास ने पारंपरिक पर्यटन स्थलों को भी नया रूप दिया है।
जल प्रबंधन और आधारभूत संरचनाः राजगृह गंगाजी जलाशय योजना, विशाल जलसंप और जल मीनारों के निर्माण से शहर और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति मजबूत हुई है। सड़क और रेल संपर्क में हुए विकास ने राजगीर को राष्ट्रीय परिवहन नेटवर्क से मजबूती से जोड़ा है।
इन सभी पहलुओं ने राजगीर की दशा और दिशा दोनों बदल दी हैं। आज यह नगर न केवल ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व का केंद्र है, बल्कि आधुनिक विकास, शिक्षा, खेल और पर्यटन का भी सशक्त केंद्र बन चुका है। स्थानीय लोगों का मानना है कि आने वाले वर्षों में राजगीर वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और अधिक मजबूती से अपनी पहचान दर्ज कराएगा।





