अपराधनालंदाबिग ब्रेकिंगराजगीर

पहलगाम में तैनात आर्मी कर्नल का भी घर साफ कर गए चोर

इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि जब देश की सुरक्षा में तैनात अफसर के घर भी चोरों से नहीं बच पा रहे हैं तो आम नागरिक कितना सुरक्षित है? कड़ी कार्रवाई और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की मांग अब ग्रामीणों की प्राथमिकता बन गई है...

राजगीर (नालंदा दर्पण)। नालंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत नरहर बिगहा गांव में बीती रात चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए दो घरों में सेंधमारी कर लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। इनमें एक घर जम्मू-कश्मीर के संवेदनशील क्षेत्र पहलगाम में तैनात आर्मी कर्नल आशुतोष कुमार का है, जिसने घटना को और भी गंभीर बना दिया है। इस वारदात ने न केवल ग्रामीणों में भय का माहौल पैदा कर दिया है, बल्कि पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह पुलिस बल व डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक छानबीन में स्पष्ट हुआ है कि चोरों ने सुनियोजित तरीके से बंद पड़े मकानों को निशाना बनाया, और कई घंटे तक आराम से चोरी को अंजाम दिया।

नरहर बिगहा निवासी नरेंद्र प्रसाद के बेटे सोनू कुमार के अनुसार वे पिछले 15 दिनों से अपने पिता का इलाज कराने पटना में थे। 28 मई को परिवार को फोन के जरिए जानकारी मिली कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। जब वे सुबह गांव लौटे तो देखा कि घर में रखा लगभग 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य का सामान, जिसमें सोने-चांदी के आभूषण, एक लाख रुपये नकद और अन्य कीमती वस्तुएं शामिल थीं, गायब हैं।

इसी गांव के निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक राम नरेश सिंह के बेटे कर्नल आशुतोष कुमार इस समय जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में देश सेवा में तैनात हैं। परिवार इलाज के लिए एक सप्ताह से दिल्ली गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने दीवार फांदकर उनके घर में घुसपैठ की और सात कमरों के ताले एवं पांच गोदरेज लॉकर तोड़ डाले। उसके बाद घर से कीमती जेवरात व अन्य मूल्यवान वस्तुएं लेकर फरार हो गए। कर्नल के छोटे भाई अमेरिका में रहते हैं। इसलिए फिलहाल चोरी गई संपत्ति का सटीक आंकलन नहीं हो सका है।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से गांव के लोग भयभीत हैं और पुलिस की निष्क्रियता को लेकर रोष व्यक्त कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि गश्ती ठीक ढंग से हो रही होती तो इतनी बड़ी वारदात नहीं होती। फिलहाल पुलिस ने नालंदा थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

Nalanda Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (mukesh bhartiy) पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.