राजगीर महोत्सव 2024 से छटा धुंध, आयोजन की हुई घोषणा, तैयारी शुरु

राजगीर (नालंदा दर्पण)। इस साल 21 से 23 दिसंबर तक राजगीर महोत्सव 2024 का भव्य आयोजन राजगीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (आरआईसीसी) और हॉकी मैदान में किया जाएगा। यह महोत्सव न केवल राजगीर की सांस्कृतिक धरोहर को प्रदर्शित करने का माध्यम बनेगा, बल्कि पर्यटकों के लिए भी एक आकर्षक अवसर होगा।

राजगीर महोत्सव में इस बार विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, कृषि मेला, व्यंजन मेला, महिला महोत्सव, प्रदर्शनी, खेल महोत्सव, तांगा और पालकी सज्जा जैसे पारंपरिक आयोजनों का प्रमुख स्थान होगा। इसके साथ ही स्थानीय कलाकारों और शिल्पकारों को अपने हुनर को प्रदर्शित करने का मंच प्रदान किया जाएगा।

नालंदा जिलाधिकारी शंशाक शुभंकर ने महोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। बैठक में विधि व्यवस्था, सुरक्षा, समारोह स्थल की तैयारी, प्रचार-प्रसार, पेयजल, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन समेत अन्य विषयों पर गहन चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने जोर दिया कि महोत्सव में आने वाले किसी भी आगंतुक को असुविधा न हो और आयोजन को पूर्णतः सफल बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं।

इस महोत्सव का उद्देश्य न केवल पर्यटकों को आकर्षित करना है, बल्कि स्थानीय सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करना भी है। महोत्सव के दौरान होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम राजगीर की परंपरा और समृद्ध इतिहास को उजागर करेंगे।

इस महोत्सव में लगाए जाने वाले स्टॉल और प्रदर्शनियां स्थानीय व्यापारियों और कलाकारों को अपनी कला और उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर देंगी। व्यंजन मेले में राजगीर और बिहार के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद पर्यटकों को विशेष रूप से लुभाएगा।

इस महोत्सव में खेल महोत्सव और नुक्कड़ नाटक जैसे कार्यक्रम युवाओं और बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र होंगे। तांगा और पालकी सज्जा प्रतियोगिता के माध्यम से राजगीर की पारंपरिक शान को जीवंत रूप दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की है कि वे समर्पण और टीम भावना से कार्य करें। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव न केवल राजगीर की पहचान को मजबूत करेगा, बल्कि स्थानीय समुदाय के लिए भी एक प्रेरणा बनेगा।

इस महोत्सव में देश-विदेश से हजारों पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है। जिससे न केवल राजगीर की आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी, बल्कि यह आयोजन बिहार के पर्यटन को भी नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

प्रमुख खबरें

सर्वजन खबरें