Monday, February 16, 2026
अन्य

    चुनावी रंजिशः खेत पटा रहे दो युवकों को नाम पता पूछकर मारी गोली

    हरनौत (नालंदा दर्पण)। हरनौत प्रखंड अंतर्गत तेलमर थाना क्षेत्र में पैक्स चुनाव से ठीक एक दिन पहले हुई गोलीबारी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। तेलमर थाना क्षेत्र के नूर नगर गांव में बीते देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो युवकों पर नाम पूछकर गोली चलाई गई।

    इस हमले में राकेश कुमार और रौशन कुमार नामक दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों में से राकेश कुमार को बिहारशरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि रौशन कुमार की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें पटना के पीएमसीएच रेफर किया गया है।

    घटना के वक्त राकेश कुमार और रौशन कुमार खेत में सिंचाई (पटवन) कर रहे थे। तभी हमलावरों ने अचानक खेत में आकर उनका नाम पूछते हुए उन पर गोली चला दी। हमले में शामिल प्रमुख आरोपी के रूप में राम नारायण प्रसाद के बेटे मुन्ना सिंह का नाम सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार राम नारायण प्रसाद पिछले चार टर्म से पैक्स चुनाव जीतते आ रहे हैं और इस बार भी चुनावी माहौल गरमाया हुआ था।

    जख्मी राकेश कुमार का दावा है कि यह हमला पूरी तरह से चुनावी रंजिश से प्रेरित था। उनके अनुसार बुधवार को होने वाले हरनौत के पाकड़ पंचायत के चुनाव को लेकर लोगों में दहशत फैलाने के उद्देश्य से यह गोलीबारी की गई। ताकि लोग डर के कारण वोट देने से कतराएं।

    राकेश का कहना है कि वे खेत में काम कर रहे थे। तभी अचानक नाम पूछकर हम पर गोली चला दी गई। यह सब चुनाव से पहले लोगों को डराने के लिए किया गया है।

    हालांकि, तेलमर थाना पुलिस ने चुनावी रंजिश से इन्कार किया है। इस घटना को दो पक्षों के बीच पहले से चले आ रहे विवाद का नतीजा बताया है। बकौल पुलिस, यह आपसी दुश्मनी का मामला है और गोलीबारी का कारण निजी विवाद है।

    पुलिस ने घटना के तुरंत बाद कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस मामले में राम नारायण, नवल किशोर और उनके समर्थकों पर मारपीट और गोलीबारी के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने मौके से चार खोखे भी बरामद किए हैं, जो घटना की गंभीरता को दर्शाते हैं।

    घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शिव शरण, राजीव कुमार और शंभू शरण सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

    इस घटना के बाद नूर नगर गांव और आसपास के क्षेत्रों में डर और तनाव का माहौल है। चुनाव से एक दिन पहले इस तरह की घटना ने पंचायत चुनावों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि चुनावी रंजिश का यह मामला लोगों को भयभीत करने के लिए अंजाम दिया गया है। ताकि वे अपने मताधिकार का सही ढंग से प्रयोग न कर सकें।

    एक स्थानीय निवासी ने बताया कि उनके गांव में ऐसी हिंसा पहले भी हुई है, लेकिन चुनाव से ठीक पहले इस तरह की घटना ने डरा दिया है। डर है कि कहीं यह हिंसा चुनाव के दिन और न बढ़ जाए।

    पुलिस प्रशासन पर अब इस मामले को निष्पक्ष रूप से सुलझाने और चुनावी माहौल को शांतिपूर्ण बनाए रखने की बड़ी जिम्मेदारी है। चुनाव से पहले इस तरह की हिंसा प्रशासन की चुनावी तैयारियों पर भी सवाल खड़े करती है। फिलहाल पुलिस का दावा है कि वे स्थिति पर नियंत्रण कर रहे हैं और जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

    अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि चुनाव के दिन माहौल कैसा रहता है और क्या इस घटना का चुनावी प्रक्रिया पर कोई असर पड़ता है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन निष्पक्ष जांच करेगा और दोषियों को सजा दिलाएगा, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

    Nalanda Darpanhttps://nalandadarpan.com/
    नालंदा दर्पण (Nalanda Darpan) के संचालक-संपादक वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (Mukesh Bhartiy) पिछले 35 वर्षों से समाचार लेखक, संपादक और संचार विशेषज्ञ के रूप में सक्रिय हैं। उन्हें समसामयिक राजनीति, सामाजिक मुद्दों, स्थानीय समाचार और क्षेत्रीय पत्रकारिता पर गहरी पकड़ और विश्लेषणात्मक अनुभव है। वे तथ्य आधारित, निष्पक्ष और भरोसेमंद रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों तक ताज़ा खबरें और सटीक जानकारी पहुँचाने के लिए जाने जाते हैं। एक्सपर्ट मीडिया न्यूज़ (Expert Media News) सर्विस द्वारा प्रकाशित-प्रसारित नालंदा दर्पण (Nalanda Darpan) के माध्यम से वे स्थानीय समाचार, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका मानना है कि स्थानीय पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी, प्रमाण और जनहित के साथ सामने रखना है। ताकि एक स्वस्थ समाज और स्वच्छ व्यवस्था की परिकल्पना साकार हो सके।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

    आपकी खबरें

    error: Content is protected !!
    Bihar Sharif covered with red flags regarding Deepnagar garbage dumping yard in nalanda ई BPSC टीचर बच्चों के बीच क्या मिमिया रहा है KK पाठक साहब? ई BPSC टीचर की गुंडई देख लीजिए KK पाठक साहब ! जानें भागवान महावीर के अनमोल विचार