नगरनौसा (नालंदा दर्पण)। नगरनौसा थाना क्षेत्र के बाजितपुर गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई पटना पुलिस और एसटीएफ की सूचना के आधार पर की गई।
हिलसा एएसपी कुमारी शैलजा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पटना पुलिस एवं एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई के दौरान पहले गौरीचक थाना क्षेत्र में छापेमारी कर भगवानगंज थाना क्षेत्र के रोहिलापर गांव निवासी महेश यादव और नालंदा के चिकसौरा थाना क्षेत्र के हुराड़ी गांव निवासी सदन प्रसाद को हथियार खरीद-बिक्री के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से देशी कट्टा और हथियार बनाने में प्रयुक्त बैरल बरामद हुआ। पूछताछ में सदन प्रसाद ने खुलासा किया कि यह बैरल चिकसौरा निवासी कृष्ण विश्वकर्मा द्वारा तैयार किया गया था, जो वर्तमान में नगरनौसा थाना क्षेत्र के बाजितपुर गांव में बच्चू महतो के किराए के मकान में अवैध हथियार फैक्ट्री चला रहा है।
सूचना के आधार पर नगरनौसा थानाध्यक्ष शशि रंजन कुमार मिश्रा ने टीम के साथ बाजितपुर में छापेमारी की। तलाशी के दौरान कृष्ण विश्वकर्मा के कमरे से भारी मात्रा में हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि कृष्ण विश्वकर्मा का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले से दो मामले दर्ज हैं। इस मामले में नगरनौसा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
बरामद सामानः छापेमारी के दौरान पुलिस ने हथियार निर्माण में उपयोग होने वाले कई उपकरण बरामद किए, जिनमें कट्टा बॉडी बनाने का सेट (2 लोहे के सांचे), अर्द्धनिर्मित बैरल (3), भट्ठी मशीन, ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, हथौड़ी, रिंच, छेनी, पेचकस, लोहे का निहाई, बरमा, आरी, स्प्रिंग, ब्लेड, और अन्य उपकरण, एक कीपैड मोबाइल (नोकिया) शामिल हैं।
छापेमारी टीमः इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष शशि रंजन कुमार मिश्रा, उप-थानाध्यक्ष इस्मा प्रवीन, सअनि शंकर राम, सिपाही सुनील कुमार साहनी, नीरज पासवान, गृहरक्षक हिमांशु कुमार, शोभा कुमारी तथा एसटीएफ की टीम शामिल रही।
- स्कूल के पास नशे में हथियार लहराते 3 नाबालिग पकड़े गए!
- महिला को पीटकर लाखों की संपत्ति लूटी, CCTV में कैद वारदात






