नालंदाबिग ब्रेकिंगबिहार शरीफशिक्षा

नालंदाः इन 36 केंद्रों पर 48 हजार 176 परीक्षार्थी होंगे शामिल, जूता-मौजा समेत प्रवेश वर्जित

नालंदा दर्पण डेस्क। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित वार्षिक माध्यमिक (मैट्रिक)  परीक्षा-2023 का आयोजन 14 फरवरी से  22 फरवरी की अवधि में किया जा रहा है। यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली पूर्वाह्न 9:30 से अपराह्न 12:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 2:00 बजे से अपराह्न 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी।

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा निर्गत निर्देश के अनुसार परीक्षा प्रारंभ होने से 30 मिनट पूर्व तक ही परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी। प्रथम पाली के परीक्षार्थी पूर्वाह्न 9:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली के परीक्षार्थी अपराह्न 1:30 बजे तक अनिवार्य रूप से परीक्षा केंद्र में प्रवेश करेंगे।

इसके बाद परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं रहेगी।बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के निदेशानुसार केवल पहले दिन की परीक्षा (केवल 14 फरवरी के लिए) के दोनों पालियों में परीक्षा केंद्र में प्रवेश हेतु निर्धारित समय में अधिकतम 20 मिनट की छूट दी जा सकेगी, अर्थात प्रथम पाली में पूर्वाह्न 9:20 बजे तक तथा दूसरी पाली में अपराह्न 1:50 बजे तक प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

इस परीक्षा के आयोजन के लिए नालंदा जिला में 36 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बिहार शरीफ में 19, हिलसा में 08  तथा राजगीर में 09 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से छात्रों के लिए 19  तथा छात्राओं के लिए 17 परीक्षा केंद्र निर्धारित हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर 24960 छात्र तथा 23216 छात्राएं शामिल होंगे।

परीक्षा के स्वच्छ एवं कदाचार मुक्त वातावरण में आयोजन सुनिश्चित करने के लिए इन परीक्षा केंद्रों पर 145 स्टैटिक दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए हैं। साथ ही 10 गश्तीदल दंडाधिकारी, 8 उड़नदस्ता जोनल दंडाधिकारी एवं 4 सुपर जोनल दंडाधिकारी भी प्रतिनियुक्त किये गए हैं, जो लगातार सम्बद्ध परीक्षा केंद्रों के बीच भ्रमणशील रहते हुए स्वछ परीक्षा का आयोजन सुनिश्चित करेंगे।

परीक्षा केंद्र में जूता-मौजा पहनकर परीक्षार्थियों का प्रवेश वर्जित होगा, परीक्षार्थी केवल चप्पल / सैंडल पहनकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे।

सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा सतत वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों के 500 गज की परिधि में संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी के स्तर से दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी।

इस परिधि  में सभी फ़ोटो स्टेट की दुकानें परीक्षा अवधि में बंद रहेंगी। सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को इसका अनुपालन सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया।

जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या *06112-235288* पर कार्यरत रहेगा। सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग गायित्री कुमारी को नियंत्रण कक्ष का प्रभारी बनाया गया है। नियंत्रण कक्ष में अलग से सुरक्षित दंडाधिकारी भी प्रतिनियुक्त किये गए हैं।

अपर समाहर्ता ने स्पष्ट रूप से कहा कि शत प्रतिशत कदाचार मुक्त वातावरण में परीक्षा का आयोजन सुनिश्चित किया जाना है। निरीक्षण के क्रम में किसी भी परीक्षा कक्ष में चिट-पुर्जा पाए जाने पर संबंधित वीक्षक, दंडाधिकारी एवं केंद्र अधीक्षक को जवाबदेह ठहराया जाएगा तथा उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को कोचिंग संस्थानों के कार्यकलाप पर भी गहरी नजर रखने का निर्देश दिया गया।

परीक्षा केंद्र में कोई भी वीक्षक अपने साथ मोबाइल फोन नहीं रखेंगे सभी वीक्षकों को केंद्र अधीक्षक अपने स्तर से पहचान पत्र निर्गत करेंगे। फ्रिस्किंग के क्रम में अच्छे ढंग से जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

ब्रीफिंग में अपर समाहर्ता, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित सभी केंद्र अधीक्षक, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

मुकेश भारतीय

मुकेश भारतीय वरिष्ठ पत्रकार हैं और राजनीति, प्रशासन और स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर लेखन-संपादन करते हैं। More »
The unsolved mysteries of the ancient Nalanda University राजगीर पांडु पोखर एक ऐतिहासिक पर्यटन धरोहर Rajgir Sone Bhandar is the world’s biggest treasure Artificial Intelligence is the changing face of the future