“यह घटना समाज में बढ़ते नशे की प्रवृत्ति और इसके दुष्परिणामों को दर्शाती है। मां जैसी ममता की मूर्ति का इस तरह से बेरहमी से कत्ल कर दिया जाना पूरे समाज के लिए एक चेतावनी है कि नशे की लत इंसान को किस हद तक हैवान बना सकती है…
राजगीर (नालंदा दर्पण)। राजगीर थाना क्षेत्र के सबलपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। यहां एक नशेड़ी बेटे ने अपनी ही बुजुर्ग मां की हत्या कर उसके शव को घर में दफनाने की कोशिश की। जब स्थानीय लोगों ने इस भयावह वारदात की भनक पाई तो उन्होंने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
घटना सबलपुर गांव के मोहन उपाध्याय के घर की है। जहां उनके छोटे बेटे अजीत कुमार ने 75 वर्षीय मां साखो देवी की हसुली से निर्मम हत्या कर दी। पुलिस को घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया हसुली भी बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हत्या के बाद अजीत ने शव को घर में ही दफनाने के लिए करीब दो फीट गहरा गड्ढा खोद डाला था। लेकिन इससे पहले कि वह शव को ठिकाने लगा पाता, उसके पिता मोहन उपाध्याय ने इस वारदात को देख लिया और शोर मचाना शुरू कर दिया। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और अजीत को पकड़ लिया। घटना की सूचना मिलते ही राजगीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
बताया जा रहा है कि अजीत कुमार चार भाइयों में सबसे छोटा है और अपने बुजुर्ग माता-पिता के साथ ही रहता था। उसके अन्य भाई अलग-अलग रहते हैं। जिनमें से एक सीआरपीएफ में कार्यरत है। अजीत कुमार नशे का आदी था और हमेशा गांजे के सेवन में धुत था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक दो दिन पहले अजीत ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की थी। जिसके बाद उसकी पत्नी का भाई आकर उसे मायके ले गया था। घर में बुजुर्ग माता-पिता के अलावा कोई और नहीं था। इस घटना के बाद अजीत और अधिक उग्र हो गया था। इससे पहले भी वह अपनी मां के साथ मारपीट कर चुका था। जिसमें एक बार उसने उनकी हड्डी तोड़ दी थी।
फिलहाल पुलिस इस हत्याकांड की गहराई से जांच कर रही है। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। ताकि साक्ष्यों को इकट्ठा किया जा सके। हत्या के पीछे की असल वजह अब भी रहस्य बनी हुई है। लेकिन पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।
- बिहार विकास मॉडलः सांसद ने लिया गोद, मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा कर रही उद्धार
- DM को पड़ा महंगा गलत CCA लगाना, JDU नेता के घर पहुंचाना पड़ा 5 हजार जुर्माना
- विश्व कप महिला कबड्डी टूर्नामेंट टला, पहले होगा खेलो इंडिया गेम्स
- पेपर लीक कांड का मास्टरमाइंड संजीव मुखिया EOU के लिए बना सिरदर्द
- PDS डीलरों की हड़ताल से गड़बड़ाई व्यवस्था, उपभोक्ताओं में उभरी भूखमरी