हिंदुनी STF मुठभेड़ में मारे गए डकैतों का हिलसा इलाके में था आतंक

डकैतों के इस गिरोह को पकड़ने और डकैती की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम में विभिन्न थानों के अधिकारी शामिल थे

करायपरसुराय (नालंदा दर्पण)। पटना जिले के फुलवारी थाना क्षेत्र स्थित हिंदुनी गांव में तड़के करीब साढ़े तीन बजे डकैतों और पुलिस के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने दो खतरनाक डकैतों को मार गिराया, जबकि एक को गिरफ्तार कर लिया।

मुठभेड़ के दौरान गौरीचक थाना के एएसआई विवेक प्रसाद भी घायल हो गए। उन्हें गोली लगने के बाद तुरंत इलाज के लिए एम्स पटना में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

मारे गए डकैतों की पहचान करायपरसुराय थाना क्षेत्र के सांध गांव निवासी बालगोविंद यादव उर्फ भकलू के पुत्र विवेक कुमार एवं चिकसौरा थाना क्षेत्र के खानपुरा गांव के स्व. तिलक गोप के 50 वर्षीय पुत्र लाल दहिन यादव के रूप में की गयी है। इस दौरान गिरफ्तार एक डकैत भी चिकसौरा थाना क्षेत्र के भवानी बीघा गांव निवासी उमेश प्रसाद पुत्र मंटू कुमार बताया जाता है।

पुलिस के मुताबिक राम दहिन यादव पर 18 संगीन आपराधिक मामले दर्ज थे। जबकि विवेक कुमार भी हत्या, डकैती और चोरी जैसे गंभीर अपराधों का वांछित अभियुक्त था। गिरफ्तार डकैत उमेश प्रसाद चिकसौरा थाना क्षेत्र के भवानी बिगहा गांव का रहने वाला है।

दरअसल पुलिस को सूचना मिली थी कि हिंदुनी गांव में 8 से 10 डकैत डकैती की नीयत से पहुंचे हैं। इसके बाद एसटीएफ की टीम ने इलाके को घेर लिया। धान के गोदाम के पास खड़ी एक पिकअप वैन देखकर पुलिस को शक हुआ। पुलिस ने डकैतों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। लेकिन उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो डकैतों को ढेर कर दिया और एक डकैत को दबोच लिया।

इस दौरान एक पुलिस एएसआई भी गोली लगने से जख्मी हो गए। डकैतों के पास से एक पिकअप वैन बरामद की गई। जिसमें लूट का सामान बोरे में पैक किया गया था। गिरफ्तार डकैत मंटू यादव ने खुलासा किया कि वह डकैती के लिए गिरोह को स्कॉर्पियो से लाता था। एसटीएफ के अनुसार मारे गए डकैत लंबे समय से पुलिस की वांछित सूची में थे और इनकी तलाश कई मामलों में की जा रही थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

जुड़ी खबरें

सर्वजन खबरें