चंडी का कुख्यात शराब माफिया गंगौरा पंचायत का मुखिया लाटो चौधरी गिरफ्तार

पुलिस टीम ने नामजद अभियुक्त अनिरुद्ध चौधरी को उनके निवास स्थान से गिरफ्तार किया है। अनिरुद्ध चौधरी ग्राम पंचायत गंगौरा के मुखिया भी हैं। पहले से ही उसपर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं

चंडी (नालंदा दर्पण)। नालंदा जिले की चंडी थाना पुलिस ने एक बड़े ऑपरेशन में वांछित शराब माफिया अनिरुद्ध चौधरी उर्फ लाटो चौधरी को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी लंबे समय से अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियानों के अंतर्गत की गई।

विगत 20 अक्टूबर 2024 को चंडी थाना पुलिस और उत्पाद विभाग हिलसा की संयुक्त टीम ने ग्राम नरसंडा में छापामारी की थी। उसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम कचलपुर में अवैध शराब की गतिविधियां संचालित हो रही है। टीम तत्काल कचलपुर पहुंची और नदी किनारे जंगल के पास छापेमारी की। जहां मौके पर बड़ी मात्रा में शराब से जुड़े सामान जैसे बोतल के ढक्कन और अन्य सामग्री बरामद हुई।

इस संबंध में चंडी थाना पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार आज उसी मामले में प्राप्त सूचना और तकनीकी आसूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नामजद अभियुक्त अनिरुद्ध चौधरी को उनके निवास स्थान से गिरफ्तार किया है। अनिरुद्ध चौधरी ग्राम पंचायत गंगौरा के मुखिया भी हैं। पहले से ही उसपर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

अनिरुद्ध चौधरी पर नालंदा जिले के विभिन्न थानों में कई गंभीर आरोप दर्ज हैं। जिनमें चंडी थाना कांड संख्या-19/24: मारपीट और धमकी का मामला, चंडी थाना कांड संख्या-496/23: बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम का उल्लंघन, दीपनगर थाना कांड संख्या-218/18: अवैध शराब कारोबार, चंडी थाना कांड संख्या-289/16: लूट और मारपीट जैसे शामिल हैं।

इस सफलता के पीछे चंडी थाना पुलिस और शस्त्र बल की अहम भूमिका रही। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। साथ ही फरार अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी अभियान जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

प्रमुख खबरें

सर्वजन खबरें