इसलामपुर-राजगीर मार्ग पर हथियार के बल CNG टेम्पू की लूट

इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। नालंदा जिले में अपराधियों का मनोबल एक बार फिर बढ़ता नजर आया है। इसलामपुर-राजगीर मार्ग पर पंचरुखिया गांव के समीप हथियार के बल पर सीएनजी टेम्पू लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई। बदमाशों ने खुदागंज बाजार निवासी चालक सिकंदर चौधरी को हथियार दिखाकर आतंकित किया और उनकी सीएनजी टेम्पू लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के अनुसार अपराधी पहले से घात लगाकर बैठे थे और सुनसान स्थान का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित चालक ने किसी तरह आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। हिलसा-2 इस्लामपुर डीएसपी कुमार ऋषिराज ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में इसलामपुर-राजगीर मार्ग पर आपराधिक घटनाओं में वृद्धि देखी जा रही है, जिससे वाहन चालकों और आम लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।






